मथुरा: बरसाना में लठामार होली में हुरियारों पर बरसाए गए हेलीकॅप्‍टर से फूल

Religion/ Spirituality/ Culture

मथुरा। ब्रज में लड्डू होली के साथ रंगोत्सव का उल्लास तब चरम पर पहुंच गया जब मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के हेलीकॅप्‍टर से फूल बरसाए गए। मथुरा के बरसाना में विश्व प्रसिद्ध लठामार होली की धूम मची हुई है।

आज बरसाना की राधारानी स्वरूप गोपियां नंदगांव के हुरियारों पर प्रेमपगी लाठियां बरसीं। लाठियों संग होली के रंग भी बरसे। इसे लेकर शुक्रवार सुबह से राधानगरी में उत्साह और उल्लास छाया रहा। इस अनूठी परंपरा का साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु बरसाना पहुंच गए हैं।

ब्रज में उत्सव का माहौल है। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से जगह-जगह रंगोत्सव के तहत आयोजन हो रहे हैं। इसमें लोक कलाकार ब्रज की संस्कृति के रंग बिखेर रहे हैं।

नंदगांव के हुरियारों को गुरुवार को बरसाना में होली खेलने का निमंत्रण भेजा गया। न्योता मिलने के बाद हुरियारे अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गए। शुक्रवार को बरसाना प्रस्थान से पूर्व गोस्वामीजनों द्वारा चौपाई निकाली गई। इधर, रंगोत्सव में पूरा बरसाना झूम रहा है।