फिरोजाबाद: महिला का नहाते हुए वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल, कई बार किया दुष्कर्म, मुकदमा दर्ज

Crime

फिरोजाबाद में महिला को ब्लैकमेल कर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। एक युवक ने महिला का नहाते समय वीडियो बना लिया था। इसके बाद ब्लैकमेल कर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की तहरीर पर उत्तर थाना पुलिस ने बुधवार रात को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

जानने वाले ने बनाया वीडियो

पीड़ित महिला उत्तर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसने बताया कि उसके घर युवक दीपक का आना-जाना था। दीपक भी उसके क्षेत्र का है। आरोपी ने एक दिन नहाते समय उसका वीडियो बना लिया था। इसकी जानकारी तब हुई, जब आरोपी ने उक्त वीडियो दिखाया। पीड़िता का कहना है कि उसने आरोपी युवक से वीडियो हटाने को कहा था।

ब्लैकमेल कर किया दुष्कर्म

आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बना लिए। इसके बाद भी उसने ब्लैकमेल कर दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि इस संबंध में उसके द्वारा एक प्रार्थना पत्र 13 मार्च को उत्तर थाना पुलिस को दिया गया था लेकिन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। आरोपी युवक पुलिस को दी गई तहरीर को वापस लेने के लिए दबाव बनाता रहा।

तहरीर वापस न लेने पर आरोपी ने महिला के पति को जान से मारने और वीडियो को वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता ने इसकी शिकायत एसपी सिटी मुकेश चंद्र मिश्र से की। पीड़िता की तहरीर पर बुधवार रात आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानध्यक्ष उत्तर संजीव कुमार दुबे का कहना है कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।