बिहार: कटिहार में बिजली कटौती के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर फायरिंग, दो की मौत, दो घायल

Regional

बिहार के कटिहार जिले में बिजली विभाग के खिलाफ उग्र प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों पर पुलिस ने फायरिंग कर दी। इसमें दो प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। प्रदर्शनकारियों के पथराव में 12 से अधिक पुलिसकर्मी और बिजली कर्मचारी भी घायल हुए हैं।बुधवार सुबह 5 बजे से 11 बजे तक मेंटेनेंस कार्य के लिए बिजली आपूर्ति बाधित थी। इसके कारण लोग आक्रोशित हो गए थे।

कटिहार जिले में पुलिस ने फायरिंग में दो की मौत की पुष्टि की है। उसका नाम बासल गांव निवासी खुर्शीद आलम (34) बताया गया है। वहीं, बारसोई निवासी सोनू शाह (22) और चापाखोड़ पंचायत नियाज आलम (32) की हालत नाजुक है। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस फायरिंग में 5 लोगों को गोली लगी है।

बारसोई अनुमंडल में बुधवार दोपहर 12:30 बजे बिजली कटौती के खिलाफ एक हजार से अधिक लोग सड़क पर उतर गए। प्रदर्शनकारी बिजली दफ्तर का घेराव करने पहुंचे। प्राणपुर के बस्तौल चौक और बारसोई प्रखंड मुख्यालय का मेन रोड जाम करके लोग प्रदर्शन करने लगे।

इस दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस पहुंची, लेकिन आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पहले लाठीचार्ज किया। उग्र भीड़ फिर भी नहीं मानी, तब पुलिस ने गोली चलाई।

एसपी जितेंद्र कुमार ने कहा कि बिजली विभाग के कार्यालय में तोड़फोड़ की गई है। लोग प्रोटेस्ट कर रहे थे। अचानक भीड़ उत्तेजित हो गई। लोगों की भीड़ में पुलिसकर्मी घिर गए थे। इस वजह से आत्मरक्षा में कुछ फायरिंग की गई थी। आगे हमलोग जांच कर रहे हैं।

इधर, कटिहार पुलिस मुख्यालय की तरफ से प्रेस रिलीज जारी करके कहा गया कि भीड़ उग्र थी। थाने से 100 मीटर दूर बिजली विभाग के दफ्तर पर प्रदर्शन चल रहा था। इसमें लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर लोग पहुंचे थे।

पुलिस ने चेतावनी दी, लेकिन उग्र भीड़ नहीं मानी। पुलिस और बिजली विभाग के अफसरों पर पथराव कर दिया। इस पर पुलिस ने आत्मरक्षा के लिए सीमित फायरिंग की। एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो घायल हैं। वहीं, पथराव में 12 से अधिक पुलिसकर्मी और बिजली कर्मचारी घायल हैं।

Compiled: up18 News