26 नवंबर को राजभवन घेरने आगरा से बड़ी संख्या में लखनऊ कूच करेंगे किसान

स्थानीय समाचार

आगरा: भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर 26 नवंबर 2022 को इको गार्डन लखनऊ में महापंचायत को लेकर भाकियू प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जनपद आगरा प्रभारी बुद्धा सिंह प्रधान व मंडल अध्यक्ष रणवीर सिंह चाहर, जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया ने आगरा जनपद के फतेहाबाद के निरीक्षण भवन में समीक्षा बैठक की। समीक्षा बैठक में मंडल, जिला, तहसील ब्लाक स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए भाकियू प्रदेश उपाध्यक्ष बुद्धा सिंह प्रधान ने केंद्र सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) कानून बनने तक भारतीय किसान यूनियन संघर्ष करती रहेगी उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार चाहे जितना ईडी व सीबीआई का डर दिखाती रहे लेकिन किसान डरने वाले नहीं हैं।

भाकियू मंडल अध्यक्ष रणवीर सिंह चाहर ने कहा कि महंगाई बेरोजगारी केंद्र सरकार की गलत नीतियों का नतीजा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसान मजदूर विरोधी है। उन्होंने आगरा में संगठन को और अधिक मजबूत करने व सदस्यता अभियान चलाने पर जोर दिया।

भाकियू जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया ने 26 नवंबर को प्रदेश के राज भवन का घेराव करने के लिए भारी संख्या में आगरा से किसान लखनऊ कूच करने का पदाधिकारियों को आश्वस्त किया। जिलाध्यक्ष लवानिया ने संगठन को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में आज 1 दर्जन से अधिक किसानों को संगठन की मुख्यधारा से जोड़ा।

तहसील अध्यक्ष रोहन सिंह रघुवंशी व ब्लॉक अध्यक्ष फतेहाबाद कुमर सेन वर्मा तथा ब्लॉक अध्यक्ष शमसाबाद रंजीत सिंह रघुवंशी ने वरिष्ठ पदाधिकारियों का स्वागत किया। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ किसान नेता ताँती राम जादौन ने की तथा संचालन जिला उपाध्यक्ष नत्थू सिंह धाकरे व जिला महासचिव कृपाल सिंह फौजदार ने संयुक्त रूप से किया।