रोहित शर्मा के साथ मुंबई इंडियंस के व्यवहार से हैरान है हर क्रिकेट प्रेमी

SPORTS

 

रोहित शर्मा ने आईपीएल 2018 ऑक्शन से ठीक पहले दी थी कुर्बानी

दरअसल, इंडियन प्रीमियर लीग के 2018 सीजन से ठीक पहले मेगा ऑक्शन होना था और फ्रेंचाइजियों को 3 खिलाड़ी रिटेन करने का मौका मिला। मुंबई के पास रोहित शर्मा के अलावा हार्दिक पंड्या, क्रुणाल पंड्या, जसप्रीत बुमराह और कायरन पोलार्ड के रूप में कई धाकड़ खिलाड़ी थे। हर फ्रेंचाइजी की तरह मुंबई इंडियंस भी अपने मैच विनर्स को किसी भी हाल में हाथ से नहीं निकलने देना चाहती थी। उस समय विराट कोहली के साथ एमएस धोनी और रोहित शर्मा को भी 17-17 करोड़ अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी से मिलने थे, लेकिन धोनी और रोहित ने कुर्बानी दी।

रोहित की वजह से मुंबई इंडियंस अपने प्लेयर्स को बचाने में सफल रही

एमएस धोनी और रोहित शर्मा को इस तरह 15-15 करोड़ रुपये में फ्रेंचाइजियों ने रिटेन किया। उस समय रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई इंडियंस ने यह दलील दी थी कि रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या तो रिटेन हो रहे हैं, लेकिन अगर पर्स में पैसे नहीं बचेंगे तो क्रुणाल पंड्या और कायरन पोलार्ड को खरीदना मुश्किल हो जाएगा। यह भी संभव है कि इन पर बड़ा दांव लगाने से टीम कई मनचाहे खिलाड़ी नहीं खरीद पाए। ऐसे में अगर रोहित शर्मा ने फ्रेंचाइजी के भविष्य के लिए कुर्बानी दी। दो करोड़ रुपये कम लेना अपने आप में बड़ी बात है।

इस तरह से ऑक्शन में मुंबई इंडियंस पड़ी थी भारी

ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने उस समय क्रुणाल पंड्या के लिए पहला आरटीएम (राइट टू मैच) का इस्तेमाल करते हुए 8.80 करोड़ रुपये में खरीदा, जबकि कायरन पोलार्ड को दूसरे आरटीएम से 5.40 करोड़ रुपये में टीम में शामिल करने में कामयाबी हासिल की। इसी साल सूर्यकुमार यादव को 3.20 करोड़, जबकि ईशान किशन को 6.20 करोड़ रुपये इस फ्रेंचाइजी से मिले थे। यही वजह है कि मुंबई अपने मुख्य खिलाड़ियों को बचाने में कामयाब रही थी और 2019 और 2020 का खिताब अपने नाम किया।

रोहित ने टीम के लिए अपना बैटिंग क्रम भी छोड़ा

यही नहीं, रोहित शर्मा ने मैच फिनिश करने के लिए अपने बैटिंग क्रम में भी बदलाव किए। टीम की जरूरत के अनुसार वह ओपनिंग क्रम छोड़कर मिडिल ऑर्डर में उतरने लगे थे। इससे सबसे बड़ा खतरा उनके इंटरनेशनल टीम में बैटिंग पोजीशन पर भी था। माना जाता है कि जो आईपीएल में ओपनिंग करता है वह इंटरनेशनल मैचों भी उसी क्रम पर उतरेगा। हालांकि, अब समय के साथ लग रहा कि मुंबई इंडियंस अपने सबसे सफल कप्तान रोहित शर्मा की कुर्बानियों को भूल गई है।

-एजेंसी