आगरा: जूता कारोबारी पर दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक का मुकदमा, पत्नी ने ससुर-देवर पर लगाया हलाला के नाम पर दुष्कर्म का आरोप

Crime

आगरा: ताजनगरी के मंटोला थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। एक विवाहिता ने अपने जूता कारोबारी पति और ससुराल पक्ष पर ₹1 करोड़ की नकदी और मर्सडीज कार की मांग पूरी न होने पर तीन तलाक देने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का सबसे गंभीर आरोप ससुर और देवर पर है, जिन्होंने कथित तौर पर ‘हलाला’ के नाम पर उसके साथ दुष्कर्म किया।

₹1 करोड़ और मर्सडीज की मांग, विरोध पर तीन तलाक

पीड़िता के अनुसार, उसका निकाह शहर के एक प्रतिष्ठित जूता कारोबारी से हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष का लालच बढ़ गया और उन्होंने दहेज के रूप में ₹1 करोड़ नकद और लग्जरी मर्सडीज कार की मांग शुरू कर दी। जब पीड़िता के मायके वालों ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई, तो उसे बेरहमी से पीटा गया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। अंततः पति ने उसे ‘तीन तलाक’ देकर घर से निकाल दिया।

हलाला के नाम पर शोषण के संगीन आरोप

​महिला ने पुलिस को दी तहरीर में रोंगटे खड़े कर देने वाले आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि तीन तलाक के बाद उसे दोबारा निकाह के लिए ‘हलाला’ की प्रक्रिया से गुजरने का दबाव बनाया गया। आरोप है कि इसी दौरान उसके ससुर और देवर ने मर्यादाओं को ताक पर रखकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

​पुलिस की कार्रवाई और आरोपी का पलटवार

​मामले की गंभीरता को देखते हुए मंटोला थाना पुलिस ने पति, ससुर, देवर और अन्य ससुरालियों के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम, दुष्कर्म और तीन तलाक विरोधी कानून के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

दूसरी ओर, आरोपी जूता कारोबारी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी है। उसने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि पत्नी द्वारा लगाए गए सभी आरोप निराधार और झूठे हैं। उसने इसे पारिवारिक विवाद बताते हुए पत्नी पक्ष पर उसे बदनाम करने और साजिश रचने का आरोप लगाया है।

जांच में जुटी पुलिस

​पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। घटना को लेकर इलाके में चर्चाओं का माहौल है।