आगरा में खनन माफियाओं पर डीएम का ‘हंटर’: अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 6 वाहन जब्त

स्थानीय समाचार

आगरा: ताजनगरी में अवैध खनन, परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी के निर्देशन में प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। रविवार को राजस्व, खनन, परिवहन और पुलिस विभाग की संयुक्त टास्क फोर्स ने जिले के विभिन्न मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले 06 भारी वाहनों को जब्त कर विभिन्न थानों में निरूद्ध किया गया है।

​इन मार्गों पर चला प्रशासन का ‘सर्च ऑपरेशन’

जिलाधिकारी द्वारा गठित विशेष टीम ने जनपद के उन मार्गों पर पैनी नजर रखी, जो अवैध परिवहन के लिए संवेदनशील माने जाते हैं। टीम ने ग्वालियर-आगरा मार्ग, सैयां टोल, दक्षिणी बाईपास, आगरा-भरतपुर और आगरा-बाह मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग की। टीम ने संदिग्ध वाहनों की जांच कर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की।

जांच के दौरान उपखनिज का अवैध परिवहन कर रहे तीन वाहनों को थाना सैया में रोका गया। इसके अलावा एक वाहन थाना जगनेर, एक थाना फतेहपुर सीकरी और एक थाना अछनेरा क्षेत्र में जब्त किया गया। सभी वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

प्रशासन के अनुसार, ओवरलोडिंग और बिना आवश्यक दस्तावेजों के परिवहन करने वाले कुल छह वाहनों को जिले के विभिन्न थानों और चौकियों में निरुद्ध किया गया है।

जारी रहेगी ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, बिना आई०एस०टी०पी० (ISTP) और ओवरलोड परिवहन करने वालों के खिलाफ यह अभियान पूरी तरह सफल रहा है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण और कठोर कार्यवाही जारी रहेगी। अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए खनन टास्क फोर्स को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।