डीएम मनीष बंसल ने किया ‘मीट एट आगरा’ का दौरा: आधुनिक मशीनरी और चाइनीज एग्जिबिटर्स के स्टॉल्स पर जानी तकनीक, प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन

Business

​आगरा। ताजनगरी में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय फुटवियर ट्रेड फेयर ‘मीट एट आगरा’ के दौरान प्रशासनिक स्तर पर भी खासा उत्साह देखने को मिला। आगरा के जिलाधिकारी मनीष बंसल ने ट्रेड फेयर का औचक और विस्तृत भ्रमण किया, जहाँ उन्होंने आधुनिक तकनीकों, फुटवियर कंपोनेंट्स और मशीनरी की बारीकियों को बेहद करीब से समझा।

एफमेक पदाधिकारियों ने किया स्वागत

आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना पहुंचने पर जिलाधिकारी मनीष बंसल का एफमेक (AFMEC) अध्यक्ष गोपाल गुप्ता, फेयर ऑर्गेनाइजिंग कमेटी की चेयरपर्सन माला खेड़ा, पूर्व अध्यक्ष कैप्टन ए.एस. राणा, उपाध्यक्ष राज राजीव वासन व राजेश सहगल, तथा महासचिव प्रदीप वासन समेत तमाम पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर, माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया।

​चाइना पवेलियन और विभिन्न स्टॉल्स का किया निरीक्षण

स्वागत के बाद डीएम ने फेयर के विभिन्न हॉल का दौरा किया। उन्होंने अलग-अलग एग्जिबिटर्स के स्टॉल्स पर पहुंचकर प्रदर्शित उत्पादों, लेदर मटेरियल्स और अत्याधुनिक मशीनरी की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से चाइना पवेलियन का दौरा किया और चीन से आए एग्जिबिटर्स से संवाद स्थापित किया। उन्होंने विदेशी और स्वदेशी कंपनियों की एक ही मंच पर सहभागिता और वैश्विक स्तर पर मिल रहे कारोबारी अवसरों की सराहना की।

प्रशासन की ओर से सहयोग का आश्वासन

आयोजन की भव्यता, सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधनों से प्रभावित होकर जिलाधिकारी ने फुटवियर उद्योग के विकास के लिए जिला प्रशासन और शासन स्तर से हरसंभव सहयोग प्रदान करने का पूरा आश्वासन दिया। इस अवसर पर जीएम डीआईसी शैलेंद्र सिंह सहित फेयर ऑर्गेनाइजिंग कमेटी के कई प्रमुख सदस्य और उद्यमी भी उनके साथ मौजूद रहे।