आगरा कलेक्ट्रेट पहुँचे मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप; पुराने मुकदमों और फाइलों के रखरखाव पर सख्त निर्देश

स्थानीय समाचार

आगरा। आयुक्त आगरा मंडल नगेंद्र प्रताप ने शुक्रवार को आगरा कलेक्ट्रेट पहुंचकर विभिन्न अनुभागों और पटलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रिकॉर्ड प्रबंधन, साफ-सफाई और लंबित मामलों की स्थिति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी न्यायालय और आंग्ल अभिलेखागार का निरीक्षण कर अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति देखी। मुख्य राजस्व लेखागार में अलमारियों में रखी फाइलों के रख-रखाव का भी जायजा लिया। शस्त्रागार विभाग के निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबे समय से जमा पुराने शस्त्रों को डिस्मेंटल कराने के लिए शासन से पत्राचार करने को कहा।

राजस्व अभिलेखागार के निरीक्षण में उन्होंने साफ-सफाई दुरुस्त रखने और अभिलेखों की सुरक्षा के लिए अग्निशमन विभाग से सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए। वाद निस्तारण की समीक्षा करते हुए उन्होंने पांच वर्ष से अधिक पुराने 28 वाद और तीन वर्ष से अधिक पुराने करीब 246 वादों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

अपर जिलाधिकारी न्यायिक को रिकॉर्ड रूम का नियमित निरीक्षण करते रहने के निर्देश दिए गए ताकि व्यवस्था बनी रहे। लंबित ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण की जिम्मेदारी संबंधित प्रभारी अपर जिलाधिकारियों को सौंपी गई। जिन गांवों के नक्शे उपलब्ध नहीं हैं, उनके संबंध में पत्रलेख प्रस्तुत करने को भी कहा गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी, अपर आयुक्त प्रशासन राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान, अपर जिलाधिकारी प्रशासन आजाद भगत सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त शुभांगी शुक्ला, अपर जिलाधिकारी न्यायिक धीरेन्द्र सचान, अपर जिलाधिकारी प्रोटोकॉल प्रशांत तिवारी और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गोविंद वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।