डिप्टी सीएम केशव मौर्य की ‘2047’ वाली भविष्यवाणी: बोले- “अखिलेश यादव की बेचैनी जायज, अब जनता ने कर दी है उनकी सैफई विदाई की तैयारी”

Regional

आगरा: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को ताजनगरी के दौरे पर विपक्ष के खिलाफ जमकर आग उगली। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के भविष्य पर बड़ा प्रश्नचिन्ह लगाते हुए दावा किया कि वर्ष 2047 तक इन दलों की सत्ता में वापसी की कोई गुंजाइश नहीं है। डिप्टी सीएम ने अखिलेश यादव की सक्रियता पर तंज कसते हुए कहा कि सत्ता से लंबी दूरी ने उन्हें बेचैन कर दिया है और उनकी बौखलाहट अब जनता के सामने जगजाहिर हो चुकी है।

​”अखिलेश की बेचैनी और सैफई विदाई”

​पत्रकारों से वार्ता के दौरान केशव मौर्य ने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगाकर केवल अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, “2027 तो छोड़िए, जनता ने 2047 तक विपक्ष को ‘आउट ऑफ गेम’ करने का मन बना लिया है। प्रदेश की जनता उनकी नीतियों को नकार चुकी है और अब उनकी स्थायी रूप से ‘सैफई विदाई’ तय है।”

​बंगाल और असम को लेकर हुंकार: “4 मई… दीदी गई”

​राष्ट्रीय राजनीति पर चर्चा करते हुए डिप्टी सीएम ने पड़ोसी राज्यों में भाजपा की प्रचंड जीत का दावा किया। पश्चिम बंगाल के लिए उन्होंने नया नारा देते हुए कहा, “इस बार बंगाल में पहली बार ऐतिहासिक रूप से कमल खिलेगा। जनता का मूड साफ है 4 मई, दीदी गई।” वहीं असम के संदर्भ में उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा हैट्रिक लगाते हुए तीसरी बार सरकार बनाएगी।

​ताजनगरी में लोकार्पण और जनसंवाद का मैराथन

डिप्टी सीएम का आगरा दौरा व्यस्तताओं से भरा रहा। उन्होंने फतेहाबाद रोड स्थित एक होटल में ‘नेशनल फेडरेशन ऑफ इंश्योरेंस फील्ड वर्कर्स’ के महाधिवेशन को संबोधित किया। इसके बाद वे राजदेवम ऑडिटोरियम पहुँचे, जहाँ उन्होंने शिक्षक संगठन ‘यूटा’ (UTTA) के कार्यक्रम में शिक्षकों से संवाद किया।

दौरे के अगले चरण में मौर्य ने फिरोजाबाद मोड़ स्थित मैदान में सम्राट अशोक लाट का भव्य लोकार्पण किया। इसके पश्चात उन्होंने एत्मादुद्दौला क्षेत्र में महाराज निषादराज जयंती कार्यक्रम में हिस्सा लेकर सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया। दिन के अंत में उनका राज्यसभा सांसद नवीन जैन के कमला नगर स्थित निवास पर भी पहुँचने का कार्यक्रम है।

​डिप्टी सीएम ने अपने पूरे दौरे के दौरान यह स्पष्ट कर दिया कि भाजपा की नजर केवल अगले चुनाव पर नहीं, बल्कि ‘विकसित भारत’ के 2047 के लक्ष्य पर है, जिसमें विपक्ष के लिए कोई स्थान नहीं बचेगा।