उत्तराखंड: जोशीमठ के PWD गेस्ट हाउस में भी दरारें, बुलडोजर चला

Regional

जोशीमठ में पीडब्ल्यूडी के गेस्ट हाउस पर बुलडोजर चल गया है। पीडब्ल्यूडी के भवन में दरारें आने से खतरा बढ़ गया था। प्रशासनिक अमले को इसी गेस्ट हाउस में ठहराया गया था। साथ ही जीएमवीएन के गेस्टहाउस में भी दरारें दिखीं। वैज्ञानिकों को यहीं पर ठहराया जाता है। प्रभावितों के लिए राहत शिविर बनाए गए हैं। संस्कृत महाविद्यालय के भवनों में भी दरारें दिखी हैं।

चमोली के डीएम हिमांशु खुराना ने कहा, ‘दो होटलों- माउंट व्यू और मलारी इन को ध्वस्त किया जाएगा। इसके साथ ही मनोहर बाग वार्ड में बने निजी घरों को भी तोड़ा जाएगा। इन घरों के मालिकों ने तोड़ने के लिए जिला प्रशासन को पत्र लिखा था। सेंट्रल बिल्डिंग रिसर्च इंस्टिट्यूट की तरफ से इन घरों को असुरक्षित घोषित किया गया था।’

उत्तराखंड प्रदेश सरकार से लेकर केंद्र की सरकार तक जोशीमठ के संकट पर नजर बनाए हुए है। वहां की स्थिति पर राज्य कैबिनेट से लेकर देश के गृह मंत्रालय तक चर्चा कर चुकी है। एक्सपर्ट्स की टीम जोशीमठ पहुंच रही है। सर्वे के साथ ही तमाम जांच चल रही हैं। सरकार की तरफ से जोशीमठ की स्थिति में सुधार का दावा किया जा रहा है।

-Compiled by up18 News