Agra News: धर्म पूछकर फेरीवालों को धमकाना पड़ा भारी, रील बनाने वाले ‘इन्फ्लूएंसर’ को पुलिस ने भेजा सलाखों के पीछे

Crime

आगरा: ताजनगरी के फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स पाने की सनक ने एक युवक को जेल की हवा खिला दी है। उंदेरा गांव के रहने वाले बॉबी चौधरी नामक युवक ने फेरीवालों को रोककर न केवल उनका धर्म पूछा, बल्कि उन्हें गांव में न आने की धमकी देते हुए ‘नो एंट्री’ का फरमान भी सुना दिया। इस पूरी घटना का वीडियो खुद आरोपी ने ही बनाया और वायरल कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

​”दोबारा आए तो मिलेगी सजा”: वीडियो में दिखा दबंगई का चेहरा

​वायरल वीडियो में आरोपी बॉबी चौधरी गांव की गली में कपड़ा बेचने और कबाड़ का काम करने वाले दो फेरीवालों को रोकते हुए दिखाई देता है। वह उनसे पूछताछ करता है और विशेष धर्म का होने पर कहता है कि “गांव का माहौल खराब है, यहाँ तुम्हारा आना मना है।” युवक यहीं नहीं रुका, उसने खुद को कानून से ऊपर समझते हुए उन गरीब फेरीवालों से लाइसेंस मांगा और चेतावनी दी कि अगर वे दोबारा दिखे तो उन्हें ‘सजा’ दी जाएगी।

​सोशल मीडिया पर ‘विवाद’ से पहचान बनाने की थी आदत

​स्थानीय सूत्रों और पुलिस जांच में सामने आया है कि बॉबी चौधरी खुद को एक बड़ा ‘सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर’ मानता है। इंस्टाग्राम पर उसके 46 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। बताया जा रहा है कि केवल व्यूज और लाइक्स बटोरने के लिए वह अक्सर इस तरह के भड़काऊ और विवादित वीडियो बनाता रहता है। इससे पहले भी वह एक युवक को गैस सिलेंडर ले जाते समय ‘ब्लैक’ करने वाला बताकर बदनाम करने की कोशिश कर चुका है।

​पुलिस का सख्त संदेश: शांतिभंग करने वालों की खैर नहीं

वीडियो शनिवार को जैसे ही पुलिस के संज्ञान में आया, प्रशासन ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत एक्शन लिया। थाना फतेहपुर सीकरी के प्रभारी निरीक्षक आनंदवीर सिंह ने बताया कि आरोपी बॉबी चौधरी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ शांतिभंग (पब्लिक ऑर्डर बिगाड़ने) की धाराओं में चालान कर उसे जेल भेज दिया है।

​प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति को धर्म या जाति के आधार पर डराना, धमकाना या उनके काम में बाधा डालना अपराध है। सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले ‘कथित इन्फ्लूएंसर्स’ के खिलाफ पुलिस की यह कार्रवाई एक कड़ा सबक है।