मंगोलिया के अपने समकक्ष से मिले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

INTERNATIONAL

राजनाथ सोमवार से मंगोलिया तथा जापान की अपनी पांच दिवसीय की यात्रा पर हैं। इस यात्रा का मकसद क्षेत्रीय सुरक्षा के हालात और वैश्विक भू राजनीति में उथलपुथल के बीच दोनों देशों के साथ भारत के रणनीतिक व रक्षा संबंधों का विस्तार करना है।

सिंह पांच से सात सितंबर तक मांगोलिया की यात्रा पर रहेंगे। यह किसी भारतीय रक्षा मंत्री द्वारा इस पूर्वी एशियाई देश की पहली यात्रा होगी।

सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘मंगोलिया के रक्षा मंत्री सैखानबयार के साथ आज रचनात्मक बातचीत की। हमने भारत-मंगोलिया रक्षा सहयोग को और गति देने पर गहन विचार-विमर्श किया।’’

मंगोलिया से रक्षामंत्री दो दिवसीय यात्रा पर जापान जाएंगे। वह आठ और नौ सितंबर को जापान में होंगे। वह जापान के साथ ‘टू प्लस टू’ प्रारूप में आठ सितंबर को होने वाली वार्ता में शामिल होंगे।

जापान के प्रधानमंत्री फुमिओ किशिदा के वार्षिक भारत-जापान शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत की यात्रा करने के करीब पांच महीने बाद यह वार्ता हो रही है।

सिंह की मंगोलिया यात्रा की घोषणा करते हुए रविवार को रक्षा मंत्रालय ने कहा था कि यात्रा दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगी।

मंत्रालय ने बताया था कि राजनाथ सिंह मंगोलिया के रक्षा मंत्री लेफ्टिनेंट जनरल सैखानबयार के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। वह मंगोलियाई राष्ट्रपति यू. खुरेलसुख और स्टेट ग्रेट खुराल (संसद) के अध्यक्ष जी. जानदनशतार से भी मुलाकात करेंगे।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘दोनों लोकतांत्रिक देशों के क्षेत्र में शांति और समृद्धि को बढ़ावा देने को लेकर साझा हित हैं।’’

मंत्रालय के अनुसार भारत और मंगोलिया रणनीतिक साझेदारी और रक्षा संबंध साझा करते हैं, जो दोनों देशों के बीच संबंधों का अहम आधार है।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मई 2015 में मंगोलिया की यात्रा की थी।

-एजेंसी