आगरा में सनसनी: शाहदरा कट के पास सर्विस रोड पर मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस

Crime

आगरा। यमुनापार क्षेत्र में सोमवार देर रात उस समय हलचल मच गई, जब शाहदरा कट के पास सर्विस रोड पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। सड़क किनारे शव मिलने की सूचना से इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही शाहदरा चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शिनाख्त कराने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया है और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

टेडी बगिया निवासी युवक ने पुलिस को दी सूचना

थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार के अनुसार, सोमवार देर रात टेडी बगिया निवासी अरमान पुत्र गुड्डू ने शाहदरा कट सर्विस रोड पर एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना दी थी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान वहां एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई। साक्ष्य एकत्र करने के लिए फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया, ताकि मामले से जुड़े जरूरी तथ्यों की जांच की जा सके।

शुरुआती जांच में भिखारी जैसा दिख रहा था मृतक

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मृतक का हुलिया भिखारी जैसा प्रतीत हो रहा था। उसके शरीर और पहनावे से ऐसा लग रहा था कि उसने काफी समय से साफ-सफाई नहीं की थी। हालांकि, मृतक की वास्तविक पहचान, उसके यहां पहुंचने की परिस्थितियों और मौत के कारणों को लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने मृतक की तस्वीर सोशल मीडिया पर प्रसारित की और स्थानीय लोगों को भी फोटो दिखाकर पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव, पहचान कराने में जुटी पुलिस

पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी भेज दिया है। अब पुलिस मृतक की पहचान कराने के साथ उसकी मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मृत्यु के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।

थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक की शिनाख्त के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। पहचान होने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, शाहदरा कट सर्विस रोड पर मिले अज्ञात शव को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।