विधानसभा चुनाव 2026 का काउंटडाउन शुरू: बंगाल, असम और केरल समेत 5 राज्यों में इलेक्सन की तारीखों का इसी हफ्ते हो सकता है ऐलान

National

नई दिल्ली: देश के पांच राज्यों में चुनावी शंखनाद के लिए मंच सज चुका है। भारतीय चुनाव आयोग (ECI) पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम का इसी सप्ताह आधिकारिक ऐलान कर सकता है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अगुवाई में चुनाव आयोग की फुल बेंच फिलहाल पश्चिम बंगाल के दौरे पर है, जहाँ तैयारियों का अंतिम रिव्यू किया जा रहा है।

बंगाल दौरे के बाद दिल्ली में होगी फाइनल मीटिंग

चुनाव आयोग की टीम, जिसमें चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी भी शामिल हैं, 10 मार्च को दिल्ली वापस लौटेगी। सूत्रों के मुताबिक, बंगाल में सुरक्षा और अन्य तैयारियों की समीक्षा के बाद आयोग कभी भी तारीखों की घोषणा कर सकता है। गौरतलब है कि तमिलनाडु विधानसभा का कार्यकाल 10 मई, बंगाल का 7 मई, असम का 20 मई और केरल का 23 मई को समाप्त हो रहा है।

​पहली बार 100% वेबकास्टिंग का प्रयोग

​निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग ने इस बार एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। बिहार चुनाव की तर्ज पर इन सभी राज्यों के 100 फीसदी पोलिंग स्टेशनों पर वेबकास्टिंग लागू की जाएगी। इसकी निगरानी रिटर्निंग ऑफिसर से लेकर मुख्य चुनाव अधिकारी स्तर तक की टीमें रियल-टाइम में करेंगी।

​त्योहारों और स्थानीय भावनाओं का रखा जाएगा ख्याल

​विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ हुई चर्चा के दौरान आयोग से मांग की गई थी कि चुनाव कार्यक्रम तय करते समय स्थानीय त्योहारों का ध्यान रखा जाए।

असम: राजनीतिक दलों ने ‘बिहू’ त्योहार के चलते चुनाव को एक या दो चरणों में ही निपटाने की अपील की है।

​बंगाल और दक्षिण भारत: यहां भी स्थानीय मान्यताओं और मौसम को ध्यान में रखकर शेड्यूल तैयार किया जा रहा है।
​वोटर लिस्ट और सुरक्षा की तैयारी

चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में वोटर लिस्ट का ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ पूरा कर लिया है, जबकि असम में भी सूचियां अपडेट कर दी गई हैं। ‘स्वीप’ (SVEEP) गतिविधियों के जरिए मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है ताकि इस बार मतदान का प्रतिशत रिकॉर्ड स्तर पर रहे।