आगरा पहुंची कांग्रेस की ‘प्रदेशीय भारत जोड़ो यात्रा’ हुआ स्वागत, भाईचारा बढ़ाने का दिया संदेश

Politics

आगरा: बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बिगड़ते हुए सामाजिक सौहार्द के बीच आपसी समन्वय और भाईचारा बढ़ाने के उद्देश्य को लेकर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एंव सांसद राहुल गांधी कन्या कुमारी से लेकर कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं। कांग्रेस हाईकमान प्रांत स्तर पर भी इस यात्रा का आयोजन कर रहा है। इसी क्रम में प्रांतीय अध्यक्ष योगेश दीक्षित के नेतृत्व में निकाली जा रही प्रदेशीय भारत जोड़ो यात्रा आज आगरा पहुंची।

शहर कांग्रेस कार्यालय से भारत जोड़ो यात्रा का शुभारंभ किया गया। राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण और सलामी देने के बाद कांग्रेस की यह यात्रा रावली स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पहुंची। यहां पर योगेश दीक्षित और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस यात्रा ने शहर भर में भ्रमण किया। जगह-जगह कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने इस यात्रा का जोरदार स्वागत किया। वहीं सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आम जनमानस इस यात्रा में शामिल हुए।

पत्रकारों से रूबरू होते हुए प्रांतीय अध्यक्ष योगेश दीक्षित ने बताया कि हाईकमान की ओर से प्रदेश स्तर पर भी इस यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। राहुल गांधी पूरे देश में सांप्रदायिक ताकतों को रोकने और भाई से भाई को लड़ाने का जो काम किया जा रहा है, धर्म को लेकर जो दूरियां बनाई जा रही है, उनको खत्म करने का काम कर रहे हैं। इसीलिए उन्हीं के सानिध्य में प्रदेश भर में इस यात्रा को लेकर चल रहे हैं जिससे राहुल गांधी का जो संदेश है वह हर व्यक्ति तक पहुंचाए।

इस यात्रा को लेकर शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू का कहना था कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत कन्याकुमारी से की है जो कश्मीर तक जाएगी। राहुल गांधी प्रत्येक शहर में हर व्यक्ति से नहीं मिल सकते, इसलिए उनका संदेश लेकर प्रदेश स्तर पर भारत जोड़ो यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। प्रांतीय अध्यक्ष योगेश दीक्षित के नेतृत्व में आज यह यात्रा आगरा पहुंची है जिस का जोरदार स्वागत किया गया है। साथ ही यह यात्रा शहर भर में भ्रमण करते हुए आगे के लिए रवाना हो रही है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में जो सरकार काम कर रही है वह सिर्फ डराने का काम कर रही है। जितनी भी प्रमुख एजेंसियां हैं, उनका गलत इस्तेमाल इस सरकार के द्वारा किया जा रहा है जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम जनमानस को इसके प्रति जागरूक बनाने के लिए यह यात्रा अब प्रदेश और प्रांत के स्तर पर भी निकाली जा रही है।

कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह मीनू का कहना था कि वर्तमान में जो सरकार है, वह डराने और लोगों के बीच खाई बनाने का काम कर रही है जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। देश का माहौल भी सांप्रदायिक माहौल में तब्दील होता हुआ नजर आ रहा है। राहुल गांधी इस खाई को पाटने का काम कर रहे हैं। देश में रहने वाला हर वर्ग और हर व्यक्ति हर दंगा व्यक्ति भारतवासी है इन सभी को एक सूत्र में पिरोने का काम राहुल गांधी कर रहे हैं।