कांग्रेस ने पहाड़ को मैदान से और कुमाऊं को गढ़वाल से लड़ाया: अमित शाह

Politics

चुनाव प्रचार को धार देने के लिए गृहमंत्री अमित शाह देहरादून के रायपुर में जनसभा को संबोधित करने पहुंच गए हैं। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले देरी से पहुंचने के लिए लोगों से माफी मांगी। कहा कि मौसम के कारण देरी हुई है। शाह ने कहा कि मैं तो गुजरात से आता हूं। वहां एक भी घर ऐसा नहीं होगा, जो देवभूमि न आया हो। पीतल की लुटिया में गंगोत्री से जल लेकर न गया हो। देवभूमि की बात याद आते ही छोटे से छोटे बच्चे को चारधाम और हेमकुंड साहिब याद आ जाता है।

हरकी पैड़ी पहुंचे अमित शाह

इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चुनाव प्रचार करने के लिए धर्मनगरी हरिद्वार पहुंचे। यहां उनका चंद्राचार्य चौक पर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। जिसके बाद अमित शाह हरकी पैड़ी की तरफ निकल गए। वहां पर गंगा पूजन करने के बाद वह लौट जाएंगे।

उत्तराखंड और पंजाब से बेटे भारत मां की सेवा करते हैं

देहरादून में अमित शाह ने संबोधन में कहा कि जब भी देश की सुरक्षा की बात आती है। किसी भी सीमा पर चले जाओ, उत्तराखंड और पंजाब से बेटे जाकर मां भारत की सेवा करते हैं। गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि यूपी में दूसरी पार्टियों का सूपड़ा साफ होगा और यहां भी कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी में लॉकडॉउन के अलावा कोई रास्ता नहीं था। कोई दवाई नहीं बनी हुई थी। मजबूरी में लगाया गया, लेकिन गरीब लोगों को लेकर तमाम तरह की अफवाह थी। कहते थे कि लोग कोरोना से नहीं भूख में मर जाएंगे।

दो साल तक 80 करोड़ लोगों को खाना देने का काम किया

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने दो साल तक 80 करोड़ लोगों को खाना देने का काम किया है। कहा कि लोग आजकल उत्तराखंड में पिकनिक मनाने आ जाते हैं। यहां प्रियंका गांधी भी आई हैं। ये चारधाम चार काम की बात कर रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री ने सब काम कर दिए हैं। कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने एक दूसरे को लड़ाया है। पहाड़ को मैदान से और कुमाऊं को गढ़वाल से। उन्होंने अपनी जेब भरने का काम किया। कांग्रेस कोई विकास नहीं कर सकती। केवल भाजपा कर सकती है। वो चार धाम चार काम नहीं करेंगे। केवल चार दाम मांगने वाले हो जाएंगे।

मसूरी में सपा और कांग्रेस ने युवाओं पर गोली चलवाई

उनकी सरकार आने पर विधायक, मंत्री, मुख्यमंत्री और दिल्ली में बैठा परिवार भी वसूली करेगा। शाह ने कहा कि केदारनाथ भव्य बन गया है। बदरीनाथ धाम का भी हम 400 करोड़ से विकास करने वाले हैं। उत्तराखंड के पर्यटन में कम से कम 300 प्रतिशत की वृद्धि होगी। शाह ने इस दौरान हरीश रावत से सवाल किया, कहा कि जब उत्तराखंड के युवा अलग राज्य की मांग कर रहे थे तो आपका मत क्या था। मसूरी में सपा और कांग्रेस ने युवाओं पर गोली चलवाई।

भाजपा कर रही उत्तराखंड को विकसित बनाने का काम

उत्तराखंड को विकसित बनाने का काम भाजपा कर रही है। ऋषिकेश कर्णप्रयाग लाइन भी बन रही है। देहरादून में मेट्रो भी जल्दी ही लगाएंगे। साढ़े सात साल में मोदी ने गरीब के कल्याण में कोई कमी नहीं छोड़ी है। कहा कि सोनिया गांधी की सरकार में पाकिस्तान के आलिया, जमालिया रोज आते थे और हमारे सैनिकों के सर काट कर ले जाते थे।
उत्तराखंड ने साथ दिया, मोदी जी प्रधानमंत्री बन गए।

पाकिस्तान को समझ नहीं आया कि अब मोनी बाबा मनमोहन पीएम नहीं हैं, मोदी जी है। इसलिए पाकिस्तान को घर में घुसकर मारा। राहुल बाबा और पाकिस्तान छाती पीटकर रो रहे थाे, इससे ज्यादा सर्जिकल स्ट्राइक का क्या सबूत चाहिए। इनके लिए उत्तराखंड एक पिकनिक स्पॉट है।

-एजेंसियां