Weather Report Today: दिल्ली समेत उत्तर भारत में बढ़ी ठंड, यूपी में 5 डिग्री तक लुढ़का पारा

दिल्ली NCR सहित उत्तर भारत में बढ़ी ठंड, यूपी में 5 डिग्री तक लुढ़का पारा

Regional

उत्तर भारत में हर बार दिसंबर के महीने में कड़ाके की ठंड देखने को मिलती है, लेकिन इस बार दिसंबर के 10 दिन बीतने के बाद भी वैसी ठंड देखने को नहीं मिली है, जैसी उम्मीद होती है। हालांकि, उत्तर भारत में तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। जिसके बाद अब लोगों को जल्द ही जैकेट और रज़ाई निकालने की जरूरत पड़ने वाली है।

मौसम विभाग के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार और मंगलवार को ठंड बढ़ने की संभावना है। आज इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह रही। दिल्ली में आज का न्यूनतम तापमान महज 6.5 डिग्री रहा। यह सामान्य से 3 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रहने का अनुमान जताया था। मंगलवार को न्यूनतम तापमान सात डिग्री के स्तर पर रह सकता है। रविवार को पूरे दिन चली ठंडी हवाओं की वजह से दिन के तापमान में कमी आई है। 13 से 16 दिसंबर तक अधिकतम तापमान 23 से 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री के बीच रह सकता है।

यूपी में भी बढ़ी ठंड

लखनऊ मौसम विभाग के प्रभारी मोहम्मद दानिश के मुताबिक, पिछले 48 घंटों में राज्य की राजधानी लखनऊ सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। यूपी में सबसे कम तापमान बरेली में दर्ज किया गया, जहां पारा सामान्य से 7 डिग्री डिग्री नीचे गिर गया, इसके बाद नजीबाबाद (7.8 डिग्री), मुजफ्फरनगर (8.8 डिग्री) का स्थान रहा। इस बीच, लखनऊ में न्यूनतम तापमान शुक्रवार के 15.3 से गिरकर रविवार को 11.1 डिग्री पर आ गया और अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री दर्ज किया गया।

लखनऊ के लिए सुबह में हल्का से मध्यम कोहरा और बाद में आसमान साफ ​​रहने का पूर्वानुमान है। सोमवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान 24 और 11 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और अलग-अलग स्थानों पर हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा। इसी क्रम में अगले 2-3 दिनों में ठंडे रेगिस्तानों और हिमालयी क्षेत्रों से आने वाली शुष्क ठंडी हवाओं की गति में वृद्धि के कारण अधिकतम तापमान में भी 2 डिग्री की गिरावट होने की भी संभावना है। वायुमंडलीय आर्द्रता में कमी तथा 20-22 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज सतही पछुआ हवाओं के प्रभाव से सुबह में हल्का से मध्यम कोहरा छाये रहने की संभावना है।

Compiled: up18 News