आगरा। खेल जगत में ऊर्जा और उत्साह के साथ, आगरा के प्रतिष्ठित सेंट कॉनरेड्स इंटर कॉलेज में तीन दिवसीय ‘CISCE रीजनल बास्केटबॉल टूर्नामेंट (बॉयज़) U.P.-2026’ का शानदार शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह की शोभा मुख्य अतिथि के रूप में सेंट जूड्स स्कूल, गोरखपुर के प्रधानाचार्य एवं रीजनल सेक्रेटरी (U.P.) श्री डेविड और विशिष्ट अतिथि के रूप में आगरा बास्केटबॉल एसोसिएशन के सचिव एवं उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल संघ के उपाध्यक्ष डॉ. हरि सिंह ने बढ़ाई।
35 टीमें, तीन आयु वर्ग, एक मंच
यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट राज्य के विभिन्न जनपदों से आई 35 टीमों के बीच खेला जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में किया जा रहा है, जो अगले तीन दिनों तक चलेगा। उद्घाटन अवसर पर खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों का जोश देखते ही बन रहा था।
बेहतर आयोजन के लिए पुख्ता प्रबंध
टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों, टीम कोच और अधिकारियों के ठहरने, खान-पान एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। उद्घाटन समारोह में अक्षय जरमाया की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रतियोगिता के सफल संचालन को लेकर खिलाड़ियों के साथ-साथ आयोजकों में भी खासा उत्साह है। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।


