विधायक इरफान सोलंकी के खिलाफ 6 और मुकदमों में दाखिल होगी चार्जशीट

Regional

गौरतलब है कि कानपुर से लेकर मुंबई तक अरबों की संपत्ति पुलिस की जांच में सामने आई है। बेनामी संपत्तियों की भी लिस्ट लंबी-चौड़ी है। जो दूसरे के नाम पर खरीदी गई है। गैंगस्टर एक्ट के तहत इन संपत्तियों को अटैच किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक ये संपत्तियां अवैध तरीके से कमाई गई हैं।

कुछ सालों में इरफान बन गए अरबों की संपत्ति के मालिक

कानपुर की सीसामऊ विधानसभा से सपा विधायक इरफान सोलंकी पर महिला का घर फूंकने के आरोप के बाद पुलिस का शिकंजा कसता चला जा रहा है। पुलिस ने एक महीने के भीतर इरफान के खिलाफ एक के बाद एक गैंगस्टर एक्ट समेत आठ मुकदमे दर्ज किए थे, इसमें दो में चार्जशीट दाखिल हो गई है। छह मामलों में चार्जशीट अंतिम पड़ाव में है। पुलिस 10 फरवरी तक उन मामलों में भी चार्जशीट दाखिल कर देगी।

जॉइंट पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि इरफान सोलंकी ने अवैध तरीके से अरबों की संपत्ति खड़ी कर दी है। कानपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम और लोकल इंटेलीजेंस से अब तक करीब 150 करोड़ की संपत्ति का ब्योरा पुलिस के सामने आया है। जल्द ही गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्ति काे अटैच करने की कार्रवाई पूरी की जाएगी। कानपुर, उन्नाव से लेकर मुंबई तक इरफान की संपत्तियां सामने आई हैं।

अपने कई पार्टनर के नाम प्रॉपर्टी खरीदी

इसके साथ ही जॉइंट पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इरफान के पास करोड़ों रुपए की बेनामी संपत्तियां भी सामने आई हैं। इरफान ने अपने कई पार्टनर के नाम प्रॉपर्टी खरीदी है। इसके साथ ही पार्टनरशिप में कंस्ट्रक्शन कंपनी से लेकर टेनरी और चमड़े का बड़ा कारोबार खड़ा किया है। इरफान की बेनामी संपत्तियों काे भी जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

भाई रिजवान और गैंग के सभी सदस्य करोड़पति

जाॅइंट पुलिस कमिश्नर ने बताया कि सपा विधायक इरफान के भाई रिजवान भी करोड़ों की बेनामी संपत्ति का मालिक है। उसके पास भी कानपुर से लेकर उन्नाव तक करोड़ों की संपत्ति है। रिजवान उन्नाव का भू माफिया भी है। इसके साथ ही गैंग में शामिल सपा नेत्री के पिता शौकत पहलवान ने भी अवैध तरीके से करोड़ों की संपत्ति अर्जित की है। हिस्ट्रीशीटर इसराइल आटे वाला, मोहम्मद शरीफ की भी करोड़ों की संपत्ति जब्त की जाएगी।

साल दर साल बढ़ती गई इरफान की संपत्ति

पुलिस की जांच में सामने आया है कि इरफान की संपत्ति में बहुत तेजी से इजाफा हुआ है। इरफान की चार विधानसभाओं में घोषित संपत्ति का विवरण जांचने से साफ हो गया कि इरफान रातों-रात अरबों के मालिक बन गए। इरफान ने 2022 विधानसभा चुनाव में 10 करोड़ की संपत्ति की घोषणा की है। इससे पहले 2017 में करीब 3 करोड़ की संपत्ति थी। इससे पहले के दो विधानसभा चुनाव में उनके पास घर और न के बराबर संपत्ति थी, लेकिन जांच के दौरान सामने आया कि हकीकत में डेढ़ सौ करोड़ के मालिक हैं। यह संपत्ति अवैध तरीके से अर्जित की गई है।

इरफान के खिलाफ 25 दिन में 8 FIR

जाजमऊ के डिफेंस कॉलोनी में महिला का घर फूंकने में मामले में विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान के खिलाफ जाजमऊ थाने में गंभीर धाराओं में FIR दर्ज हुई थी।

फर्जी आधार कार्ड के सहारे इरफान ने फरारी के दौरान दिल्ली से मुंबई तक अशरफ अली बनकर हवाई यात्रा की थी। इस मामले में इरफान सोलंकी के खिलाफ ग्वालटोली थाने में गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की गई।

जाजमऊ थाने में 6 दिसंबर को अनवरगंज फूलवाली गली निवासी अकील अहमद खान ने गुंडा टैक्स मांगने का आरोप लगाकर जाजमऊ थाने में FIR दर्ज कराई थी।

जाजमऊ थाने में कंघी मोहाल निवासी मोहम्मद नसीम आरिफ ने आरोप लगाया कि विधायक और उनके गुंडों ने बल पूर्वक वादी के प्लॉट पर कब्जा कर लिया। केस सही पाए जाने पर दर्ज हुआ।

बांग्लादेशी नागरिक डॉ. रिजवान के पकड़े जाने के बाद विधायक का नाम भी इस FIR में दर्ज किया गया है।

जाजमऊ थाने में इरफान समेत पांच के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की भी FIR दर्ज की गई है। इरफान सोलंकी के साथ ही उनके भाई रिजवान सोलंकी, हिस्ट्रीशीटर इसराइल आटे वाला, मोहम्मद शरीफ और सपा नेत्री नूरी शौकत के पिता शौकत अली पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है।

इरफान के खिलाफ ग्वालटोली थाने में पुलिस से अभद्रता करने के एक साल पुराने मामले दर्ज हुई है। ग्वालटोली थाना प्रभारी की तहरीर पर इरफान सोलंकी और उनके समर्थकों के खिलाफ धारा-147, 188, 269, 270, 332, 353, 504 के तहत FIR दर्ज हुई है।

इरफान के खिलाफ दुर्गा विहार जाजमऊ निवासी विमल कुमार ने जाजमऊ थाने में FIR दर्ज कराई है। विमल का आरोप है कि इरफान सोलंकी के साथ ही बिल्डर हाजी वसी, शाहिद लारी, कमर आलम के साथ उनकी जमीन पर कब्जा कर लिया था। इरफान के साथ ही इन सभी आरोपियों के खिलाफ जाजमऊ थाने में धारा-386, 419, 420, 427, 504 और 3/4 लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम 1984 के तहत FIR दर्ज की गई है।

Compiled: up18 News