अयोध्या। 3 मार्च 2026 को लगने जा रहे चंद्र ग्रहण का प्रभाव राम जन्मभूमि मंदिर की दर्शन व्यवस्था पर भी पड़ेगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने निर्णय लिया है कि ग्रहण काल के सूतक और मुख्य समय के दौरान मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम का मंदिर आम श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह बंद रहेगा।
सुबह की आरती के बाद बंद होंगे पट
ट्रस्ट द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, 3 मार्च को सुबह 4:00 बजे होने वाली मंगला आरती और 6:30 बजे की श्रृंगार आरती के दर्शन श्रद्धालुओं को हमेशा की तरह सुलभ रहेंगे। इसके बाद सुबह 9:00 बजे से मंदिर परिसर को आम दर्शनार्थियों के लिए बंद कर दिया जाएगा, जो रात 8:30 बजे तक बंद रहेगा।
रात 9:30 बजे शयन आरती में मिलेगा प्रवेश
ग्रहण समाप्ति के बाद रात 8:30 बजे मंदिर का विधि-विधान से शुद्धिकरण किया जाएगा। शुद्धिकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुनः पट खोले जाएंगे। श्रद्धालु रात 9:30 बजे होने वाली शयन आरती में शामिल हो सकेंगे।
पास (Pass) बुकिंग पर रोक
ट्रस्ट के न्यासी डॉ. अनिल मिश्र ने स्पष्ट किया कि 3 मार्च को ग्रहण के कारण मंदिर बंद रहने के चलते सामान्य, सुगम और विशिष्ट दर्शन के लिए कोई भी पास जारी नहीं किए जाएंगे। ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस बदलाव को ध्यान में रखते हुए ही अपनी अयोध्या यात्रा और दर्शन की योजना बनाएं ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

