महिला वंदन अधिनियम पर कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने पीएम का जताया आभार

Politics

आगरा: लोकसभा में महिला वंदन अधिनियम बहुमत के साथ पारित हो गया। इस अधिनियम से महिलाओं के लिए विधायिका में 33% आरक्षण की राह खुल गई है। इस अधिनियम के पारित हो जाने पर महिलाएं उत्साहित नजर आ रही है तो वहीँ प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने इस अधिनियम का स्वागत किया है।

उन्होंने कहा कि आज एक ऐतिहासिक क्षण है। मोदी सरकार ने आज राजनीति में महिलाओं को आगे लाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है और उसे अमलीजामा पहनाया है। इस कदम से महिलाओं के लिए राजनीति में अवसर बढ़ेंगे। आधी आबादी के समाज के साथ ही देशसेवा की तरफ उनके कदम बढ़ेंगे। नीति निर्धारण में भी अब महिलाओं की प्रमुख भूमिका होगी।

कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य ने कहा कि जब महिलाएं घर को अच्छी तरह से चला सकती हैं तो देश को भी अच्छी तरह से चलाएंगी। इस अधिनियम के लागू होने के उपरांत देश की समस्त विधायिका में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ने से समानता की भावना विकसित होगी। इस अधिनियम के पारित होने से महिलाओं को विधायिका में अधिक से अधिक प्रतिनिधित्व मिलने की उम्मीद है। इससे देश के विकास में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी।