आगरा: ताजनगरी के थाना सिकंदरा क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ एक फुटवियर फैक्ट्री में साथ काम करने वाले युवक ने अपने ही सहकर्मी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। 25 अप्रैल की रात हुई इस बर्बर घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। हमले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पीड़ित के चेहरे और शरीर पर दर्जनों टांके आए हैं।
रास्ते में घेरकर किया वार
जानकारी के अनुसार, जीवनी मंडी निवासी आकाश सिकंदरा स्थित एक फैक्ट्री में काम करता है। शनिवार रात करीब 9:30 बजे जब वह काम खत्म कर घर लौट रहा था, तभी सब्जी मंडी के पास उसी की फैक्ट्री में काम करने वाले राहुल नगर (बोदला) निवासी करन ने उसे रोक लिया। आरोप है कि बिना किसी बातचीत के करन ने अचानक धारदार हथियार से आकाश के चेहरे पर वार करना शुरू कर दिया।
बर्बरता: नाक कटी, सिर और बाजुओं पर गहरे जख्म
हमला इतना घातक था कि आकाश की नाक बुरी तरह कट गई। उसे लहूलुहान हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसके सिर पर 12 टांके और दोनों बाजुओं पर करीब 40 टांके लगाए हैं। मौके पर मौजूद राहगीरों और अन्य कारीगरों ने शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी करन वहां से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से ही आकाश को समय रहते अस्पताल पहुँचाया जा सका।
पुरानी रंजिश की आशंका
पीड़ित की पत्नी वर्षा ने पुलिस को दी तहरीर में करन पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि दोनों के बीच पहले से ही किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, जिसे लेकर करन ने रंजिश पाल रखी थी। फिलहाल आकाश की हालत नाजुक बनी हुई है और वह चिकित्सकों की निगरानी में है।
पुलिस की कार्रवाई
सिकंदरा पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा और हमले की मुख्य वजह स्पष्ट हो सकेगी।

