गुजरात के मेहसाणा से भाजपा अध्यक्ष ने ‘गौरव यात्रा’ को दिखाई हरी झंडी

Politics

कांग्रेस ने भाई को भाई से लड़ाया: नड्डा

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने भाई को भाई से लड़ाया है। इलाके को इलाके से लड़ाया है। जहां पानी चाहिए था, वहां पानी नहीं दिया। विकास की यात्रा को अटकाया और भटकाया है। साथ नड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज खुद लटकी और भटकी हुई हैं।
भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे हर घर में पार्टी के संदेश ले जाएं और केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा किए गए विकास कार्यों, नीतियों और कार्यक्रमों के बारे में बताएं।

गुजरात में होंगी भाजपा की पांच गौरव यात्रा

बता दें कि जेपी नड्डा सौराष्ट्र के द्वारका से दूसरी गौरव यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। भाजपा ने पांच गौरव यात्राओं की योजना बनाई है। दो यात्राओं को जेपी नड्डा और तीन यात्राओं को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गुरुवार को हरी झंडी दिखाएंगे।

मेहसाणा के बेचाराजी से शुरू हुई गौरव यात्रा कच्छ के माता ना मध (Mata Na Madh ) में समाप्त होगी और बुधवार दोपहर से शुरू होने वाली यात्रा पोरबंदर के कुटियाना में संपन्न होगी।

इस साल के अंत में हैं गुजरात के विधानसभा चुनाव

गौरतलब है कि पार्टी ने 16 राष्ट्रीय नेताओं और 14 राज्य नेताओं को गौरव यात्रा में साथ देने के लिए नियुक्त किया है। यह उत्तरी गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ की 44 विधानसभा सीटों को कवर करेगा। इसके साथ ही इस गौरव यात्रा में 145 जनसभाओं को भी संबोधित किया जाएगा। इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले गुजरात के लोगों को एकजुट करने के लिए भाजपा ने यात्रा शुरू की है।

-एजेंसी