आगरा: पौत्री के जन्म पर जमकर नाचे भाजपा सांसद राजकुमार चाहर, वीडियो हुआ वायरल

Politics

आगरा। फतेहपुरसीकरी के सांसद व भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर के निवास पर अनूठा नजारा देखने को मिला। सांसद राजकुमार चाहर खुद अपने परिवारीजनों और सम्बन्धियों के साथ ढोल की थाप पर थिरक रहे थे। उन्हें देख उनके बेटे और रिश्तेदार भी उनके साथ नाचने लगे। इस दृश्य का वीडियो भी अब तेजी के साथ वायरल हो रहा है।

बताया जाता है कि सांसद राजकुमार चाहर के यहां यह खुशी का माहौल उनके घर पौत्री के जन्म को लेकर था। राजकुमार चाहर के बेटे परमवीर और पुत्रवधु मोनिका को पुत्री रत्न की प्राप्ति हुई है। गांवों में अक्सर पुत्र जन्म पर लोगों को खुशियां मनाते तो देखा जा सकता है लेकिन सांसद ने कन्या के जन्म पर भी जोरदार जश्न मनाया।

सांसद राजकुमार चाहर मीडिया से तो कुछ नहीं बोले लेकिन अनौपचारिक रूप से उन्होंने कहा कि ‘बेटी है तो मंगल है, वह भी देश का कल है और उसके आगमन पर हमें भी इसी तरह से खुशी मनानी चाहिए।’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को भी सांसद राजकुमार चाहर इस जश्न के माध्यम से सार्थक करते हुए नजर आए।