मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा में चुनावी दावेदारी के बीच भाजपा नेता ने 4 मंडल अध्यक्षों को बांटीं बाइकें; विधायक बनने पर स्कॉर्पियो देने के वादे से गरमाई सियासत

Politics

मुरादाबाद। चुनावी राजनीति में संगठन के जमीनी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की भूमिका बेहद निर्णायक मानी जाती है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले की हाईप्रोफाइल ठाकुरद्वारा विधानसभा सीट से 2027 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के टिकट की दावेदारी कर रहे पूर्व जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान और उनके पुत्र अमित चौहान के एक कदम ने क्षेत्रीय राजनीति का पारा चढ़ा दिया है।

दीपावली मिलन समारोह एवं कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान उन्होंने ठाकुरद्वारा क्षेत्र के चारों भाजपा मंडल अध्यक्षों को नई मोटरसाइकिलें (बाइक) भेंट कीं। इसके साथ ही मंच से बड़ा ऐलान करते हुए अमित चौहान ने वादा किया कि यदि उनके पिता 2027 में विधायक बनते हैं, तो चारों मंडल अध्यक्षों को एक-एक स्कॉर्पियो (Scorpio) गाड़ी तोहफे में दी जाएगी।

इन चार मंडल अध्यक्षों को मिलीं बाइकें, स्कॉर्पियो का वादा बना चर्चा का विषय

ठाकुरद्वारा में आयोजित इस भव्य समारोह में क्षेत्र के चारों मंडलों के अध्यक्षों को मंच पर सम्मानित कर नई बाइकों की चाबियाँ सौंपी गईं। बाइक प्राप्त करने वाले पदाधिकारियों में दीपक वाल्मीकि, हरिओम सिंह चौहान, ​हरपाल सिंह सैनी, ​पवन कुमार शर्मा शामिल हैं।

​कार्यक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा अमित चौहान के उस बयान की रही, जिसमें उन्होंने कहा कि “यह तो बस शुरुआत है। यदि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता और कार्यकर्ताओं के सहयोग से उनके पिता विधायक बनते हैं, तो चारों मंडल अध्यक्षों को एक-एक चार पहिया स्कॉर्पियो गाड़ी गिफ्ट की जाएगी।” इस ऐलान के बाद कार्यक्रम केवल त्यौहार के मिलन समारोह तक सीमित न रहकर सीधे 2027 के चुनावी समीकरणों से जुड़ गया।

​2027 के लिए ठाकुरद्वारा में फिर बढ़ी राजपाल चौहान की सक्रियता

​उल्लेखनीय है कि राजपाल सिंह चौहान पूर्व में भी ठाकुरद्वारा विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर दो बार चुनाव लड़ चुके हैं, हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिली थी। आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उनकी यह बढ़ती सक्रियता और मंडल अध्यक्षों को दिए गए महंगे उपहारों को पार्टी के भीतर अपनी दावेदारी मजबूत करने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।

​भाजपा के सांगठनिक ढांचे में मंडल अध्यक्षों की भूमिका बूथ स्तर तक पार्टी का संदेश पहुँचाने में बेहद अहम होती है, यही वजह है कि इस घटनाक्रम की प्रशासनिक व राजनीतिक गलियारों में जमकर चर्चा हो रही है।

​”उपहार देना व्यक्तिगत मामला, पार्टी से इसका संबंध नहीं” — भाजपा जिलाध्यक्ष

​इस पूरे प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के मुरादाबाद जिलाध्यक्ष आकाश पाल ने स्पष्ट किया कि दीपावली के अवसर पर किसी व्यक्ति या नेता की ओर से किसी कार्यकर्ता को उपहार देना उसका व्यक्तिगत मामला है। इसका भारतीय जनता पार्टी के सांगठनिक सिद्धांतों से कोई संबंध नहीं है।
​उन्होंने बताया कि चारों मंडल अध्यक्षों से व्यक्तिगत रूप से बात कर उन्हें संगठन की गरिमा बनाए रखने और अपनी सांगठनिक जिम्मेदारियों का निष्पक्षता से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।

​राजपाल चौहान ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को दी चुनौती

दीपावली मिलन समारोह के दौरान राजपाल सिंह चौहान ने समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा प्रमुख को ठाकुरद्वारा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की खुली चुनौती देते हुए दावा किया कि यदि अखिलेश यादव यहाँ से मैदान में उतरते हैं तो भाजपा उनकी जमानत जब्त करा देगी। इसके साथ ही उन्होंने राम मंदिर और अयोध्या के मुद्दे पर भी सपा नेतृत्व की खिंचाई की।

​फिलहाल, ठाकुरद्वारा में दीपावली पर बांटी गई बाइकों और भविष्य में स्कॉर्पियो देने के वादे ने स्थानीय भाजपा के अंदरूनी समीकरणों को गरमा दिया है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी आलाकमान इस शक्ति प्रदर्शन और बयानों को किस रूप में लेता है।