राहुल गांधी की सक्रिय राजनीति से ही बीजेपी को मिल रहा लाभ, जल्द इतिहास के पन्नों में दर्ज़ होगी कांग्रेस: एसपी सिंह बघेल

Politics

आगरा: “जिस पार्टी ने कभी ‘अंग्रेजों भारत छोड़ो’ कहा था, वह अब ‘भारत जोड़ो’ का नारा दे रही है, यह हास्यास्पद लगता है। कांग्रेस को इस पर खुद आत्मचिंतन करना चाहिए क्योंकि जिस पार्टी ने देश पर सबसे अधिक राज किया है वह अभी तक भारत को अखंडता के एक सूत्र में नहीं बांध पाई है। कांग्रेस ने इस देश की भारतीय संस्कृति का ताना-बाना खत्म किया है। सर्व समाज के बीच भाई चारा ख़त्म किया है।” यह कहना है केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल का, जिन्होंने कांग्रेस पर जमकर जुबानी हमला बोला।

‘इतिहास के पन्नों में दर्ज होगी कांग्रेस’

एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से रूबरू होते हुए केंद्र सरकार के राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस पार्टी पर जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से कुछ नहीं होने वाला। कांग्रेस को देश हित से कोई सरोकार नहीं बल्कि वह सिर्फ अपने हित के बारे में सोचते हैं। इतिहास के पन्नों में दर्ज होगी और इतिहास के रूप में पढ़ी जाएगी।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने यह भी कहा कि जब राहुल और प्रियंका गांधी एकता राजनीति की कमान संभालने लगे थे तो थोड़ा डर सा भी लगा था कि प्रियंका गांधी में इंदिरा गांधी की छवि है और वह उसी स्टाइल से राजनीति करेंगे लेकिन प्रियंका गांधी अपनी मां और भाई के संसदीय क्षेत्र को संभालने और वहां से सीट जिताने में ही लगी लेकिन उनका जादू किसी भी तरह से नहीं चल पाया। इसीलिए राहुल गांधी को केरल से भी चुनाव लड़ना पड़ा और यूपी की सीट को गंवाना पड़ा जो भारतीय जनता पार्टी के लिए बड़ा लाभ साबित हुआ।

‘राहुल गांधी कर देते हैं बोझ कम’

केंद्रीय राज्य मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी सक्रिय राजनीति से ही भारतीय जनता पार्टी को लाभ मिल रहा है। असल में राहुल गांधी उनका बोझ कम कर देते हैं और जनता समझ जाती है कि किसका साथ देना है।