अपने सांसद रमेश बिधूड़ी को भाजपा ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्हें सचिन पायलट के जिले टोंक का प्रभारी बनाया गया है। बिधूड़ी दिल्ली की दक्षिण दिल्ली सीट से लोकसभा सदस्य हैं। संसद के विशेष सत्र के दौरान उन्होंने सदन में बीएसपी सांसद दानिश अली पर टिप्पणी की थी, जिसकी विपक्षी दलों ने खूब निंदा की थी। बाद में भाजपा ने भी बिधूड़ी को नोटिस दिया। बिधूड़ी को 15 दिन में इस नोटिस का जवाब देना है उससे पहले ही पार्टी ने उन्हें टोंक का प्रभारी बना दिया है।
टोंक जिले की शहरी सीट से सचिन पायलट हैं विधायक
वर्तमान में टोंक जिले की टोंक विधानसभा से कांग्रेस नेता सचिन पायलट विधायक हैं। 2018 के चुनाव में भाजपा ने यहां से यूनुस खान को चुनाव लड़ाया था। उस वक्त यूनुस खान वसुंधरा सरकार में मंत्री भी थे। गौरतलब है कि टोंक एक मुस्लिम बाहुल्य सीट है।
बिधूड़ी ने की है वकालत की पढ़ाई
भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी का जन्म दिल्ली में हुआ था। उन्होंने बीकॉम और एलएलबी की डिग्री ली है। उन्होंने अपने प्रोफेशन में वकील, किसान और सोशल वर्कर लिख रखा है। उन्होंने 2003 से 2008 तक भाजपा दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में काम किया। इसके बाद 2008 में वह दिल्ली के भाजपा दिल्ली प्रदेश महासचिव बनाए गए। वह 2003 से मई 2014 तक दिल्ली के विधायक भी रहे। 2014-2019 में लोकसभा के सदस्य निर्वाचित हुए। विधूड़ी शहरी विकास संबंधी स्थायी समिति और पिछड़े वर्गों के कल्याण संबंधी समित के सदस्य भी रहे हैं।
Compiled: up18 News