लखनऊ: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तारीखों के एलान के साथ ही देश की सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बंगाल चुनाव और उत्तर प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार की वापसी तय है और बीजेपी की कोई भी रणनीति वहां काम नहीं आएगी।
”अधिकारी बदलने से नहीं बदलेगा जनादेश”
चुनाव आयोग द्वारा बंगाल में कई अधिकारियों के तबादलों पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “बीजेपी चुनाव आयोग के साथ मिलकर चाहे कितने भी अधिकारी बदल ले, लेकिन जनता ममता जी को ऐतिहासिक जीत दिलाकर फिर से मुख्यमंत्री बनाने जा रही है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि संघ परिवार ने बंगाल में कार्यकर्ताओं की एक बड़ी फौज उतारी है और बूथ स्तर पर धनबल का प्रयोग किया जा रहा है, लेकिन बंगाल की जनता ‘दीदी’ के साथ मजबूती से खड़ी है।
यूपी की राजनीति और कैबिनेट विस्तार पर तंज
अखिलेश यादव ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि बंगाल चुनाव के बाद कार्यकर्ताओं की यही फौज उत्तर प्रदेश में भी उतरेगी, लेकिन हम उनसे निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। योगी सरकार के संभावित कैबिनेट विस्तार की अटकलों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “यह विस्तार केवल रूठे हुए लोगों को मनाने की कवायद है। जब विभागों का बजट ही खत्म हो चुका है, तब मंत्री बनाने का क्या औचित्य? असली विस्तार तो 2027 में जनता करेगी।”
ग्रीन कॉरिडोर को बताया “बर्बाद कॉरिडोर”
लखनऊ के इंफ्रास्ट्रक्चर पर सवाल उठाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने ग्रीन कॉरिडोर प्रोजेक्ट की जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा, “देश के रक्षा मंत्री शायद अच्छा काम करना चाहते हों, लेकिन यूपी के मुख्यमंत्री ने इसे ‘ग्रीन कॉरिडोर’ नहीं बल्कि ‘बर्बाद कॉरिडोर’ बना दिया है। इसकी डिजाइन मानकों के खिलाफ है और पैदल चलने वालों के लिए कोई जगह नहीं छोड़ी गई है।”
अखिलेश यादव के इन तेवरों से साफ है कि समाजवादी पार्टी न केवल बंगाल में ममता बनर्जी का समर्थन कर रही है, बल्कि 2027 के यूपी विधानसभा चुनावों के लिए भी बिसात बिछाना शुरू कर चुकी है।

