नई दिल्ली/आगरा: मिडिल-ईस्ट (पश्चिम एशिया) में जारी युद्ध और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पैदा हुए कच्चे तेल के संकट का असर अब भारतीय उपभोक्ताओं की जेब पर दिखने लगा है। शुक्रवार (15 मई 2026) सुबह देशवासियों को महंगाई का बड़ा झटका लगा, जब तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर तक की भारी बढ़ोतरी कर दी। इसके साथ ही देश की राजधानी दिल्ली में सीएनजी (CNG) के दाम भी 2 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दिए गए हैं। मिडिल-ईस्ट जंग की शुरुआत के बाद से यह पहला मौका है जब देश में ईंधन की कीमतों में इजाफा किया गया है।
ताजनगरी आगरा में ईंधन के नए रेट
पेट्रोल और डीजल के नए दाम शुक्रवार, 15 मई, 2026 से लागू हो गए। आगरा में शुक्रवार सुबह से पेट्रोल के रेट जो अभी तक 94.55 रुपये थे, बढ़कर 97.66 रुपये प्रति लीटर और डीजल के रेट जो पहले 87.59 रुपये थे बढ़कर 3.11 रुपये प्रति लीटर हो गए। अब डीजल के नए रेट 91.08 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं।
देश के प्रमुख महानगरों में पेट्रोल-डीजल का हाल
दिल्ली में पेट्रोल तीन रुपये महंगा होकर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गया है। कोलकाता में ये 108.74 रुपये (3.29 रुपये महंगा), मुंबई में 106.68 रुपये (3.14 रुपए महंगा) और चेन्नई में 103.67 रुपये (2.83 रुपये) प्रति लीटर की दर से बिक रहा है।
महानगरों में डीजल की कीमतों में करीब 2.80 रुपये से लेकर 3.30 रुपये तक का इजाफा देखा गया है। दिल्ली में अब डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। वहीं, कोलकाता में इसके दाम 95.13 रुपये, मुंबई में 93.14 रुपये और चेन्नई में 95.25 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं।
क्यों बढ़े दाम?
वैश्विक व्यापार के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ (Hormuz Strait) पर लगी पाबंदियों और सुरक्षा कारणों से कच्चे तेल के आयात-निर्यात पर बेहद बुरा असर पड़ा है। आपूर्ति बाधित होने की वजह से वैश्विक बाजार में तेल की किल्लत की आशंका गहरा गई है, जिसके चलते यह कदम उठाना पड़ा।
गौरतलब है कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों से ईंधन के सीमित और जरूरत के मुताबिक इस्तेमाल की अपील की थी। उन्होंने कच्चे तेल पर निर्भरता और फिजूलखर्ची कम करने के लिए ‘वर्क फ्रॉम होम’ और निजी वाहनों के बजाय पब्लिक ट्रांसपोर्ट को प्राथमिकता देने की बात कही थी, जिसके बाद से ही कीमतों में बढ़ोतरी के कयास लगाए जा रहे थे।


