आगरा में नकली दवा रैकेट पर बड़ा एक्शन, कथित दवा माफिया सुरेंद्र गुप्ता गिरफ्तार

स्थानीय समाचार

आगरा। आगरा में आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले एक बड़े नकली दवा सिंडिकेट का कोतवाली पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस गिरोह के मुख्य सरगना, कथित दवा माफिया सुरेंद्र गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर आरोप है कि वह नामी फार्मा कंपनियों के नाम और ब्रांड का दुरुपयोग कर नकली ‘ऑक्साल्जिन डीपी’ (Oxalgin DP) जैसी दवाओं का निर्माण, अवैध भंडारण और उनकी बाजार में बिक्री कर रहा था।

​औषधि विभाग की शिकायत पर हुई कार्रवाई

लंबे समय से औषधि विभाग को शहर में नकली दवाओं की सक्रियता को लेकर गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए औषधि निरीक्षक ने मामले की गहन जांच की, जिसमें नकली दवाओं के निर्माण और वितरण की पुष्टि हुई। इसके आधार पर कोतवाली थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमा दर्ज होते ही पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए मुख्य आरोपी सुरेंद्र गुप्ता को दबोच लिया।

​जांच के दायरे में बड़ा नेटवर्क

प्रारंभिक पूछताछ और जांच में यह तथ्य सामने आया है कि सुरेंद्र गुप्ता इस कारोबार का मुख्य खिलाड़ी था, जो लंबे समय से संगठित तरीके से नकली दवाओं के पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था। पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि यह सिंडिकेट कब से सक्रिय था और कितनी मात्रा में ये नकली दवाएं आगरा और आसपास के बाजारों में पहुंचाई जा चुकी हैं।

​दबिश का दौर जारी, जल्द होगा बड़ा खुलासा

कोतवाली पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों की भी पहचान कर ली गई है। उन सभी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य को खतरे में डालने वाले इस अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने शहरवासियों से सतर्क रहने की अपील की है। दवाओं की खरीद करते समय उनकी पैकेजिंग, एक्सपायरी डेट, बैच नंबर और गुणवत्ता की सावधानीपूर्वक जांच करने को कहा गया है। संदिग्ध दवाओं या किसी भी अनियमितता की सूचना तत्काल औषधि विभाग या स्थानीय पुलिस को देने का आग्रह किया गया है।