भारत विकास परिषद नवज्योति की ‘एक शाम अपनों के नाम’: गरबा और डांडिया की मस्ती में झूमे सदस्य

विविध

आगरा। नवरात्रि का उल्लास, मां भगवती की भक्ति, गरबा की थिरकन और डांडिया की खनक… जब संगीत की मधुर धुनों के साथ अपनों का साथ मिला तो हर पल खुशियों से भर उठा। भारत विकास परिषद नवज्योति की ओर से विजय नगर कॉलोनी स्थित स्पोर्ट्स बज में ‘एक शाम अपनों के नाम, खुशियों के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे सदस्यों ने गरबा और डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। पूरा आयोजन नवरात्रि के पारंपरिक रंगों और आपसी स्नेह की खुशबू से महक उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रज प्रांत से बसंत गुप्ता और प्रमोद सिंघल, अध्यक्ष सीए दीपिका मित्तल, सचिव नितिन अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल और महिला सहभागिता मंजू गुप्ता ने मां भगवती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद मां भगवती को समर्पित गरबा और डांडिया की संगीतमय संध्या का आगाज हुआ। भक्तिमय वातावरण में जैसे ही संगीत की धुनें गूंजीं, गरबा के पारंपरिक कदमों और डांडिया की ताल पर सभी उत्साह से झूम उठे। कहीं गरबा की गोल घूमती मंडलियां आकर्षण का केंद्र बनीं तो कहीं डांडिया की खनक ने उत्सव में चार चांद लगा दिए।

अध्यक्ष सीए दीपिका मित्तल और सचिव नितिन अग्रवाल ने बताया कि नवरात्रि का पर्व मां भगवती की आराधना के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर भी है। ‘एक शाम अपनों के नाम, खुशियों के नाम’ का उद्देश्य सदस्यों को एक ऐसा मंच प्रदान करना है, जहां सभी मिलकर त्योहार की खुशियां बांटें, आपसी संबंधों को मजबूत करें और भारतीय संस्कृति की सुंदर परंपराओं को उत्साह के साथ आगे बढ़ाएं।

कोषाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल और महिला सहभागिता मंजू गुप्ता ने बताया कि गरबा और डांडिया केवल नृत्य नहीं, बल्कि सामूहिक उल्लास, एकता और सकारात्मक ऊर्जा के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन परिवारों और सदस्यों को एक-दूसरे के करीब लाने के साथ त्योहारों की खुशियों को दोगुना कर देते हैं।

संगीत, नृत्य, पारंपरिक परिधानों और आत्मीय मेल-मिलाप से सजी इस संध्या में नवरात्रि का उल्लास देखते ही बना। हंसी-खुशी और उत्सव के माहौल के बीच सभी ने एक-दूसरे के साथ खुशियों के पल साझा किए।

कार्यक्रम में शशि अग्रवाल, नीता अग्रवाल, डॉ जूही सिंघल, निधि बंसल, निधि अग्रवाल, डॉ कल्पना अग्रवाल,रौनक गुप्ता, सोनल भटनागर, सोनिया अग्रवाल ,नीलू जैन,शिल्पी अग्रवाल, भावना भार्गव, शिल्पी मित्तल,राधिका मित्तल,सोनिया गर्ग, आदि उपस्थित रहीं।