ताजनगरी में ‘स्व-पहचान’ की जंग: आगरा में किन्नरों का उग्र प्रदर्शन, बोले- मेडिकल टेस्ट के नाम पर अपमान मंजूर नहीं

स्थानीय समाचार

आगरा। केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित ‘ट्रांसबिल 2026’ के खिलाफ ताजनगरी के किन्नर समुदाय ने आर-पार की लड़ाई का बिगुल फूंक दिया है। सोमवार को आगरा कलेक्ट्रेट परिसर में भारी संख्या में जुटे किन्नर समुदाय के सदस्यों ने उग्र प्रदर्शन किया और स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी अस्मिता और पहचान से खिलवाड़ हुआ, तो यह चिंगारी देशव्यापी आंदोलन का रूप ले लेगी।

​’नालसा’ फैसले की अनदेखी का आरोप

किन्नर महापंचायत के बैनर तले जिलाधिकारी कार्यालय को सौंपे गए ज्ञापन में प्रदर्शनकारियों ने सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक ‘नालसा बनाम भारत संघ (2014)’ फैसले की याद दिलाई। प्रदर्शनकारियों का तर्क है कि सर्वोच्च न्यायालय ने ‘स्व-पहचान’ (Self-Identification) को मौलिक अधिकार माना था। यदि नए बिल के तहत लिंग की पहचान के लिए किसी प्रशासनिक प्रक्रिया या चिकित्सीय सत्यापन (Medical Verification) को अनिवार्य बनाया जाता है, तो यह सीधे तौर पर संविधान के अनुच्छेद 14, 15, 19 और 21 का उल्लंघन होगा।

​पहचान छीनी तो सम्मान कैसे बचेगा?

​प्रदर्शन के दौरान समुदाय की गुरुओं और प्रतिनिधियों ने भावुक लेकिन तीखा संदेश दिया। उन्होंने कहा, “हम भी इस देश के नागरिक हैं। जब कानून हमें अपनी पहचान खुद तय करने का अधिकार देता है, तो सरकार उसे सर्टिफिकेट और जांच की बेड़ियों में क्यों जकड़ना चाहती है? अगर हमसे हमारी पहचान ही छीन ली गई, तो समाज में सम्मान से जीने का आधार ही खत्म हो जाएगा।”

केवल कानून नहीं, अधिकार चाहिए

महापंचायत ने सरकार से मांग की कि ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए महज कागजी कानून बनाने के बजाय शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील नीतियां लागू की जाएं। उन्होंने राष्ट्रपति से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील करते हुए कहा कि इस विवादित बिल की गहन समीक्षा की जाए और समुदाय के हितों के खिलाफ पाए जाने पर इसे तत्काल निरस्त किया जाए।

नेतृत्व और सहभागिता

यह प्रदर्शन महापंचायत की अध्यक्ष गुरु रेखा मां के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान गुरु हरिया मां, गुरु मुकेशबाई मां, गुरु इंद्रा बाई मां, सचिव राधिका सोनी समेत सैकड़ों की संख्या में समुदाय के सदस्य मौजूद रहे। प्रदर्शन में मुन्नी, काजल, सोनिया, चांदनी, पूजा और मुस्कान सहित भारी भीड़ ने सरकार विरोधी नारेबाजी कर अपना आक्रोश दर्ज कराया।