सच्ची घटनाओं पर आधारित ‘अनएक्सपेक्टेड – सफेद सच’ का पहला पोस्टर आउट: देहरादून बस स्टेशन कांड से प्रेरित है कहानी

Entertainment

​मुंबई: सच्ची घटनाओं से प्रेरित कहानियां जब बड़े पर्दे पर उतरती हैं, तो उनका रोमांच केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहता, बल्कि समाज को गहराई से सोचने पर भी मजबूर करता है। इसी कड़ी में आगामी अपराध रहस्य (क्राइम-मिस्ट्री) फिल्म ‘अनएक्सपेक्टेड – सफेद सच’ (Unexpected – Safed Sach) का पहला आधिकारिक पोस्टर जारी कर दिया गया है। संजय कपूर, प्रशांत नारायण और एस्थर अनिल अभिनीत यह फिल्म उत्तराखंड के देहरादून बस अड्डे से जुड़ी दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सहित अन्य वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है।

​वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भारत सिंह की भूमिका में दिखेंगे संजय कपूर

फिल्म में अभिनेता संजय कपूर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) भारत सिंह के रूप में एक जटिल और उलझे हुए आपराधिक मामले की जांच करते दिखाई देंगे। फिल्म की कहानी एक किशोरी की रहस्यमयी गुमशुदगी से शुरू होती है, जिसके बाद लावारिस हालत में मिली बस और अस्पताल में बेहोश पड़ी लड़की कई चौंकाने वाले सवाल खड़े कर देती है। फिल्म में अभिनेता प्रशांत नारायण भी एक बेहद महत्वपूर्ण और प्रभावी किरदार में नजर आएंगे।

​महिला सुरक्षा और न्याय व्यवस्था से जुड़े गंभीर मुद्दों पर केंद्रित

फिल्म निर्माता प्यारे लाल गुंदेचा और निर्देशक गरुड़वेगा अंजी की यह सिनेमाई पेशकश समाज में महिलाओं की सुरक्षा, न्याय की प्रक्रिया और पुलिस प्रशासन की जवाबदेही जैसे बेहद गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से उठाती है। फिल्म का संगीत संगीतकार केविन रॉय द्वारा तैयार किया गया है।

वर्ष 2027 में 9 भाषाओं में सिनेमाघरों में देगी दस्तक

फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे पैन-इंडिया स्तर पर नौ भारतीय भाषाओं—हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, गढ़वाली, गुजराती, पंजाबी और भोजपुरी में तैयार किया जा रहा है। वर्ष 2027 में देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली यह फिल्म दर्शकों को थ्रिल और सस्पेंस के साथ-साथ एक मजबूत सामाजिक संदेश भी देगी।

-अनिल बेदाग