गोवा में 57वें IFFI में अभिषेक बनर्जी का जलवा: ‘बनारस’ और ‘पुष्पक विमान’ का एक साथ होगा प्रीमियर

Entertainment

मुंबई: अभिनय की दुनिया में अपनी सशक्त और अलग पहचान बना चुके बहुमुखी अभिनेता अभिषेक बनर्जी के लिए इस बार का फिल्मी सीजन बेहद खास और यादगार साबित होने जा रहा है। गोवा में आयोजित हो रहे 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI 2026) में उनकी दो बहुप्रतीक्षित परियोजनाएं—फीचर फिल्म ‘बनारस’ और नेटफ्लिक्स सीरीज ‘पुष्पक विमान’ एक साथ दस्तक देने जा रही हैं। एक ही प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर दो बिल्कुल अलग शैलियों की कहानियों के जरिए अभिषेक अपनी बहुआयामी अभिनय क्षमता के नए रंग दिखाने को तैयार हैं।

​’बनारस’: भारतबाला का निर्देशन और ए.आर. रहमान का संगीत सहयोग

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक भारतबाला के निर्देशन में बनी फिल्म ‘बनारस’ का भारत में प्रीमियर 22 नवंबर 2026 को इफ्फी के मंच पर हुआ। भारतीय शास्त्रीय संगीत, समृद्ध बनारसी संस्कृति और पारिवारिक रिश्तों की संवेदनशील दुनिया में ले जाने वाली यह फिल्म पिता, बेटे और बेटी के भावनात्मक संबंधों को बेहद खूबसूरती से पर्दे पर उतारती है। इस फिल्म में महान संगीतकार ए.आर. रहमान का रचनात्मक सहयोग और संगीत मुख्य आकर्षण का केंद्र है।

‘पुष्पक विमान’: सुदीप शर्मा के साथ फिर बनी जोड़ी, नेटफ्लिक्स पर होगी स्ट्रीम

वहीं दूसरी तरफ, सुपरहिट वेब सीरीज ‘पाताल लोक’ की अपार सफलता के बाद निर्देशक-सह-लेखक सुदीप शर्मा के साथ अभिषेक बनर्जी की जोड़ी एक बार फिर मैदान में है। हास्य और हल्के-फुल्के मनोरंजन से भरपूर आगामी नेटफ्लिक्स सीरीज ‘पुष्पक विमान’ में अभिषेक के साथ जयदीप अहलावत और बरुण सोबती भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।

अभिषेक बनर्जी के करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव

एक तरफ जहां ‘बनारस’ में शास्त्रीय संगीत और गहराती संवेदनाएं हैं, वहीं दूसरी तरफ ‘पुष्पक विमान’ में कॉमेडी और मनोरंजन का अनूठा संसार देखने को मिलेगा। 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) में अभिषेक बनर्जी की यह दोहरी मौजूदगी उनके अभिनय सफर का एक मील का पत्थर और बेहद दिलचस्प पड़ाव मानी जा रही है।

-अनिल बेदाग