हरदोई में क्विज प्रतियोगिता के जरिए फाइलेरिया के प्रति जागरूकता: एपीएस डिग्री कॉलेज में ‘कौन बनेगा फाइलेरिया चैंपियन’ का आयोजन

विविध

हरदोई: जनपद में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत 19 नवंबर से 07 दिसंबर तक एमडीए अभियान संचालित किया जाएगा। फाइलेरिया रोधी दवा सेवन कराने के लिए विभाग दवारा विभिन्न जागरुकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में गुरुवार को एपीएस डिग्री कॉलेज में पीसीआई इंडिया के सहयोग से महाविद्यालय एवं इंटर कॉलेज स्तर पर जागरूकता सत्र, ‘कौन बनेगा फाइलेरिया चैंपियन’ क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिला मलेरिया अधिकारी (डीएमओ) जीतेंद्र कुमार यादव द्वारा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं विजेताओं को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
डीएमओ ने बताया कि फाइलेरिया क्यूलेक्स मच्छर के काटने से फैलने वाली बीमारी है। संक्रमित व्यक्ति को काटने के बाद जब यह मच्छर किसी स्वस्थ व्यक्ति को काटता है तो फाइलेरिया के सूक्ष्म परजीवी उसके शरीर में प्रवेश कर सकते हैं। ये परजीवी शरीर में पांच से 15 साल तक रह सकते हैं और इस दौरान लसिका तंत्र को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इससे हाथ-पैर या जननांगों में असामान्य सूजन हो सकती है। बीमारी से बचाव के लिए अभियान के दौरान पात्र लोगों को दवा का सेवन करना जरूरी है।

इस कार्यक्रम का आयोजन टीम पीसीआई इंडिया द्वारा किया गया, जिसमें एपीएस डिग्री कॉलेज, हरदोई का विशेष सहयोग रहा। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में कॉलेज के एमडी अरविंद सिंह, प्राचार्य कुमार श्यामनाथ एवं महाविद्यालय के समस्त स्टाफ का सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ।

प्रतियोगिता में एपीएस डिग्री कॉलेज, एपीएस इंटर कॉलेज एवं श्री आशाराम इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने फाइलेरिया के लक्षणों, बचाव के उपायों एवं सामूहिक दवा सेवन अभियान (एमडीए) से संबंधित विभिन्न प्रश्नों के उत्तर दिए और अपनी जानकारी एवं जागरूकता का परिचय दिया।

इस अवसर पर जिला मलेरिया अधिकारी जितेंद्र यादव, एसएमआई विकास (पीसीआई इंडिया), मंडलीय अधिकारी डॉ. नूपुर रायजादा एवं एपीएस डिग्री कॉलेज के पदाधिकारी व समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।