आगरा। ताजनगरी के थाना लोहामंडी क्षेत्र में प्रेम विवाह (कोर्ट मैरिज) से नाराज मायके पक्ष के लोगों ने अपनी ही बहन का घर उजाड़ने की कोशिश की। गोकुलपुरा निवासी ट्रांसपोर्टर शिवम पर उसके सालों और रिश्तेदारों ने पीछे से सिर में चाकू मारकर जानलेवा हमला कर दिया। शिवम को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
2 साल पहले हुई थी शादी, रंजिश अब भी बरकरार
शिवम ने करीब दो साल पहले अपने ही इलाके की एक युवती से प्रेम विवाह किया था। युवती के परिजन इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे, जिसके बाद यह जोड़ा राजस्थान के रेवाड़ी में रहने लगा था। हाल ही में शिवम के पिता की तबीयत खराब होने पर वह आगरा लौटा था। आरोप है कि उसके लौटते ही ससुराल पक्ष के लोग ‘शिकार’ की तलाश में घात लगाकर बैठ गए।
पीछे से सिर पर वार, पूरी थी हत्या की साजिश
पीड़ित की पत्नी के अनुसार, हमला पूर्व नियोजित था। जब शिवम रास्ते से गुजर रहा था, तभी उसके सगे भाइयों और रिश्तेदारों ने उसे घेर लिया। हमलावरों ने पीछे से उसके सिर पर चाकू से जोरदार प्रहार किया। शिवम के गिरते ही हमलावर मौके से फरार हो गए। उसकी बहन का आरोप है कि हमलावरों का इरादा सिर्फ डराना नहीं, बल्कि शिवम की हत्या करना था।
एक हिरासत में, मुख्य आरोपी फरार
घटना के बाद पीड़िता (शिवम की पत्नी) ने अपने ही भाइयों समेत अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक रिश्तेदार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है, जबकि नामजद भाई अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
लोहामंडी थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है और पीड़ित परिवार ने अपनी सुरक्षा के साथ-साथ आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

