Agra News: ट्रांसपोर्ट नगर में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, साथी सहित हिस्ट्रीशीटर गिरफ़्तार

Crime

आगरा: बीती रात ट्रांसपोर्ट नगर में आगरा पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हुई। बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग की तो पुलिस को भी जवाबी कार्रवाई को अंजाम देना पड़ा। इस जवाबी कार्यवाही में हिस्ट्रीशीटर प्रमोद के पैर में गोली लगी जिससे वह घायल हो गया। घेराबंदी कर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर प्रमोद और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया।

मामला थाना हरीपर्वत के ट्रांसपोर्ट नगर का है। पुलिस को देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि 2 हथियारबंद बदमाश आगरा के सदर क्षेत्र में किसी व्यापारी को लूटने के इरादे से टीपी नगर क्षेत्र से होकर गुजर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस एक्टिव हुई और मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंच गई। यहां पर पुलिस ने घेराबंदी शुरू कर दी।

जैसे ही बदमाश वहां पहुंचे पुलिस को देख कर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसी बीच बदमाशों ने पुलिस टीम पर कई राउंड फायर किए। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से जमीन पर गिर पड़ा। एक शातिर बदमाश की गोली लगने पर पुलिस ने घेराबंदी को और मजबूत किया। घायल बदमाश के साथ-साथ उसके एक और साथी को गिरफ्तार कर लिया।

गोली लगने से घायल हुआ बदमाश थाना सिकंदरा का हिस्ट्रीशीटर प्रमोद निकला। उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। उसे एसएन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। उसका साथी सुरेंद्र सिंह भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हिस्ट्रीशीटर प्रमोद पुत्र रामबाबू मूलरूप से निवासी लखनपुर थाना सिकंदरा का रहने वाला है। फिलहाल वह सेतिया टाउन, इटोरा मोड थाना मलपुरा में रह रहा था। आरोप है कि उसने आगरा समेत आसपास के जनपदों में लूट और डकैती की कई वारदतें की हैं।

तमंचा और कारतूस बरामद

पुलिस ने प्रमोद के कब्जे से 1 तमंचा 315 बोर, 2 जिंदा कारतूस 315 बोर, 2 खोखा कारतूस 315 बोर और 1 मोटरसाइकिल बरामद की है। उसके साथी सुरेंद्र सिंह पुत्र लक्ष्मी नारायण निवासी प्रकाश नगर थाना शाहगंज के कब्जे से 1 तमंचा 315 बोर, 2 खोखा कारतूस 315 बोर बरामद किए गए हैं।

जानकरी के मुताबिक उसके खिलाफ आगरा समेत आसपास के जनपदों में 30 केस दर्ज हैं। थाना सिकंदरा से उसे हिस्ट्रीशीटर अपराधी घोषित किया गया था। वह अपने साथी सुरेंद्र सिंह को लेकर रात को लूट के मकसद से पैशन बाइक पर सवार होकर सदर की तरफ जा रहा था। इसी बीच पुलिस ने उसे घेर लिया। थाना हरीपर्वत पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में सर्विलांस सिटी जोन और एसओजी टीम भी शामिल रही।