यूपी विधानसभा चुनाव: भाजपा प्रत्याशियों के काफिले पर हमले, कई समर्थक घायल

Politics

उत्तर प्रदेश में छठे चरण के मतदान से पहले भाजपा प्रत्याशियों के काफिले पर हमला हुआ है। पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के वाहनों के काफिले पर हमले के बाद अब बलिया में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दयाशंकर सिंह और देवरिया सदर सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी शलभ मणि त्रिपाठी के काफिले पर हमला किया गया है। हमले के दौरान दोनों भाजपा नेताओं की कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई हैं, साथ ही कई समर्थक घायल हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। भाजपा प्रत्याशी इस हमले को विरोधियों की हार से बौखलाहट साजिश बता रहे हैं।

बलिया में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दयाशंकर सिंह की गाड़ी पर बुधवार देर हमला हुआ है। बलिया के अखार गांव में प्रचार के दौरान दया शंकर सिंह पर फॉर्च्यूनर सवार लोगों ने हमला कर दिया। हमले में उनके साथ चल रहे भाजपा नेता टुनजी पाठक का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान उनकी गाड़ी का शीशा टूट गया। पकड़ा गया वाहन नगर विधानसभा से सपा से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी नारद राय के काफिले का है और लखनऊ में पंजीकृत है।

दयाशंकर सिंह ने आरोप लगाया मुख्तार अंसारी मेरी हत्या की साजिश कर रहे हैं। जिस तरीके से कृष्णानंद राय की हत्या की गई, उसी तरह मेरी हत्या करने की साजिश रची गई है। मेरे साथ वाई श्रेणी की सुरक्षा है और निजी सुरक्षा गार्ड भी हैं, जिसके चलते हमलावर सफल नहीं हो पाए और भाग गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वहीं दूसरी ओर देवरिया सदर सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी शलभ मणि त्रिपाठी के समर्थकों पर बुधवार देर शाम जानलेवा हमला हुआ है। उन्होंने सोशल मीडिया में पोस्ट करके जानकारी दी। भाजपा प्रत्याशी शलभ मणि त्रिपाठी का आरोप की मतदान से ठीक 12 घण्टे पहले सपा प्रत्याशी अजय सिंह ’पिंटू’ के समर्थकों ने हमला किया है। उन्होंने कहा कि हार से बुरी तरह बौखलाए समाजवादी पार्टी के गुंडों ने सपा प्रत्याशी पिंटू की अगुवाई में जानलेवा हमला किया। शलभ ने कहा कि सपा का चरित्र ही अराजकता और गुंडागर्दी का है। देवभूमि देवरिया की जनता इसका करारा जवाब देगी।