मुंबई (अनिल बेदाग)। भारतीय पर्यटन और मनोरंजन उद्योग को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए ‘इंडियन एसोसिएशन ऑफ अम्यूजमेंट पार्क्स एंड इंडस्ट्रीज’ (IAAPI) अपने सबसे भव्य आयोजन के लिए तैयार है। मुंबई के गोरेगांव स्थित बॉम्बे एक्जीबिशन सेंटर में आगामी 10 से 12 मार्च 2026 तक ‘IAAPI एम्यूजमेंट एक्सपो’ के 24वें संस्करण का आयोजन किया जा रहा है। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय द्वारा ‘अतुल्य भारत’ के तहत समर्थित इस एक्सपो में मध्य प्रदेश और तेलंगाना पर्यटन विभाग भागीदार राज्यों के रूप में शामिल होंगे।
रिकॉर्ड 15,000 वर्ग मीटर में तकनीकी नवाचार का प्रदर्शन
एशिया के सबसे बड़े तकनीकी शो के रूप में पहचाने जाने वाले इस एक्सपो में इस बार 10 से अधिक देशों (अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, यूएई और चीन आदि) की 200 से ज्यादा कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। एक्सपो में विशेष रूप से 43 नई कंपनियां अपने अत्याधुनिक डिजिटल आकर्षणों, हाई-टेक वाटर स्लाइड्स और नेक्स्ट-जेन आर्केड नवाचारों का प्रदर्शन करेंगी।
2030 तक 22,000 करोड़ का होगा बाजार
IAAPI के अध्यक्ष अंकुर माहेश्वरी ने उद्योग की प्रगति पर उत्साह जताते हुए कहा कि भारतीय मनोरंजन उद्योग एक ऐतिहासिक मोड़ पर है। उन्होंने अनुमान व्यक्त किया कि वर्ष 2030 तक यह बाजार वर्तमान के 11,500 करोड़ रुपये से दोगुना होकर 22,000 करोड़ रुपये तक पहुँच जाएगा।
प्रदर्शनी के साथ ‘IAC कनेक्ट’ और ‘सुरक्षा कॉन्क्लेव’ जैसे महत्वपूर्ण सत्र भी होंगे, जहाँ वैश्विक विशेषज्ञ सुरक्षा मानकों पर चर्चा करेंगे।
भविष्य के पर्यटन स्थलों की रूपरेखा
यह एक्सपो न केवल निवेशकों और रियल एस्टेट डेवलपर्स के लिए व्यापारिक अवसर प्रदान करेगा, बल्कि बढ़ते शहरीकरण और युवाओं की पसंद को ध्यान में रखते हुए भविष्य के पर्यटन स्थलों का खाका भी तैयार करेगा। मनोरंजन क्षेत्र अब देश की पर्यटन अर्थव्यवस्था के एक प्रमुख स्तंभ के रूप में उभर रहा है।

