जोनल अफसर के पद से हटाई गईं अपर्णा यादव की मां अम्बी बिष्ट, 25 सालों से एक ही जगह जमी थीं

Regional

अम्बी व‍िष्ट पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव की समधन और अपर्णा यादव की मां हैं।

अब वह मुख्य कर निर्धारण अधिकारी के तौर पर आधे शहर के गृहकर निर्धारण का काम देखेंगी। करीब पांच साल से वह जोनल अफसर के पद पर थीं। वह कई जोनों की जोनल अफसर रहीं और इस समय जोन तीन में तैनात थीं। इनकी जगह अब नवनियुक्त पीसीएस संजय यादव को तैनात किया गया है। इसे लेकर नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह की ओर से आदेश भी जारी कर दिया गया है।

गौरतलब है क‍ि अम्बी बिष्ट कर निर्धारण अधिकारी थीं। इसी महीने उनका प्रमोशन मुख्य कर निर्धारण अधिकारी के पद पर हुआ है। इसके बाद भी जोनल अफसर का काम देख रहीं थीं। पिछले पांच साल में कई बार उनका तबादला शासन ने किया, मगर वह गईं नहीं।

2018 में भी अंबी बिष्ट का तबादला किया गया था। तब उन्हें LDA यानी लखनऊ विकास प्राधिकरण से फर्रुखाबाद नगर पालिका भेजा गया था। मगर, उस समय 3 दिन के अंदर ही उन्होंने अपना तबादला फिर से लखनऊ नगर निगम में करवा लिया था।

हाल ही में नगर निगम में राजस्व सेवा से जुड़े 12 से अधिक तबादले हुए, मगर उनका प्रमोशन होने के बाद भी नहीं हुआ। ऐसे में अब अचानक उनका जोनल अफसर पद से हटाया जाना चर्चा का विषय बन गया है।

सूत्रों का कहना है कि जो जलवा और अधिकार जोनल अफसर का है, वह मुख्य कर निर्धारण अधिकारी का कहां है।

– एजेंसी