एआर रहमान के बयान पर अनूप जलोटा की तीखी टिप्पणी, बोले- “मुस्लिम होने की वजह से काम नहीं मिल रहा तो फिर हिंदू बनकर ट्राई करें”

Entertainment

मुंबई। संगीतकार एआर रहमान के हालिया बयान को लेकर फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री में नई बहस छिड़ गई है। रहमान द्वारा “कम्युनल” एंगल का संकेत दिए जाने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना हो रही है। इसी बीच प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा ने इस पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए एआर रहमान को एक चौंकाने वाली सलाह दे डाली है।

अनूप जलोटा ने कहा कि अगर एआर रहमान को लगता है कि मुसलमान होने की वजह से उन्हें फिल्मों में काम नहीं मिल रहा, तो उन्हें वापस हिंदू धर्म अपनाकर देखना चाहिए। जलोटा के मुताबिक, रहमान पहले हिंदू थे और बाद में उन्होंने इस्लाम धर्म स्वीकार किया, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने इंडस्ट्री में नाम कमाया और बड़ी पहचान बनाई।

“अगर यही विश्वास है तो हिंदू बनकर ट्राई करें”

अनूप जलोटा ने मीडिया से बातचीत में कहा, “अगर उन्हें इस बात का विश्वास है कि हमारे देश में मुसलमान होने की वजह से उनको फिल्में नहीं मिल रही, म्यूजिक देने के लिए, तो वो फिर से हिंदू हो जाएं। तो, उनको यह विश्वास होना चाहिए कि उनको हिंदू होने से फिर से फिल्में मिलनी शुरू हो जाएंगी। मेरा सुझाव है कि वे हिंदू बनकर ट्राई करें और देखें कि क्या फिर से उन्हें फिल्म प्रोजेक्ट्स मिलने लगते हैं या नहीं।”

रहमान के बयान से शुरू हुआ विवाद

दरअसल, एआर रहमान ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि पिछले 8 वर्षों में फिल्म इंडस्ट्री में उनके काम में कमी आई है। उन्होंने इसके पीछे “पावर शिफ्ट” को वजह बताया, जहां अब फैसले क्रिएटिव लोगों के बजाय गैर-क्रिएटिव लोग लेने लगे हैं। रहमान ने संकेत दिया था कि यह बदलाव “कम्युनल थिंग” से भी जुड़ा हो सकता है।

इसके बाद से सोशल मीडिया पर रहमान के बयान को लेकर लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोगों ने इसे गंभीर मुद्दा बताया, जबकि कई यूजर्स ने इसे अनावश्यक विवाद और राजनीति से जोड़कर देखा।

सोशल मीडिया पर तेज हुई बहस

अनूप जलोटा के बयान के बाद यह मामला और गर्मा गया है। सोशल मीडिया पर लोग दो धड़ों में बंटते नजर आ रहे हैं। एक पक्ष जलोटा के बयान को “अनुचित और भड़काऊ” बता रहा है, वहीं दूसरा पक्ष इसे “सीधी बात” कहकर समर्थन कर रहा है।

फिलहाल इस पूरे मामले में एआर रहमान की ओर से अनूप जलोटा के बयान पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।