त्रिपुरा की चुनावी सभा में बोले अमित शाह, कम्युनिस्टों के साथ इलू-इलू कर रही है कांग्रेस

Politics

गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन करके सीपीआई (एम) ने साबित कर दिया कि वे चुनाव हारने जा रहे हैं। वे अकेले भाजपा का सामना नहीं कर सकते थे। शाह ने कहा कि कांग्रेस को शर्म आनी चाहिए, उन्होंने सीपीआई (एम) के साथ गठबंधन किया, जिसने उनके कई सदस्यों को मार डाला। उन्होंने टिपरा मोधा को भी मोहरा बनाया है।

त्रिपुरा के विकास को लेकर अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस और माकपा ने त्रिपुरा के लिए कुछ नहीं किया। भाजपा के शासन में त्रिपुरा में विकास हुआ। हमने सबके विकास के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सीपीआई (एम) ने आदिवासियों के लिए कुछ नहीं किया और अब आदिवासियों के लिए वोट पाने के लिए उन्होंने एक आदिवासी सीएम चेहरे को चुना है।

शाह ने कहा कि भाजपा सरकार ने आपको स्वास्थ्य बीमा देने का काम किया। सभी घरों में पीने का पानी पहुंचाया, गैस सिलेंडर पहुंचाया, शौचालय बनाने का काम किया और फ्री में अन्न देने का काम किया। अगर सबको सम्मान अधिकार देने का काम किया तो मोदी सरकार के नेतृत्व में माणिक साहा सरकार ने किया।

अमित शाह का एक सप्ताह में राज्य का यह दूसरा दौरा

अमित शाह का यह एक सप्ताह में राज्य का दूसरा दौरा है। उन्होंने 6 फरवरी को दक्षिणी त्रिपुरा के खोवाई जिले और संतिरबाजार में दो चुनावी रैलियों को संबोधित किया था। उस दौरान गृह मंत्री ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा था। शाह ने कहा था कि कम्युनिस्ट, कांग्रेस और मोथा पार्टी तीनों मिले हुए हैं। कांग्रेस और कम्युनिस्ट तो सामने से मिले हैं, लेकिन मोथा टेबल के नीचे से इनसे मिली हुई है।

Compiled: up18 News