आगरा: समाजवादी पार्टी (सपा) उत्तर प्रदेश के मीडिया सेल द्वारा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी पर की गई कथित “अशोभनीय टिप्पणी” को लेकर ताजनगरी के भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। भाजपा आगरा महानगर के अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने इस मामले में सपा नेतृत्व पर तीखा प्रहार करते हुए इसे उत्तर प्रदेश की राजनीति का गिरता हुआ स्तर करार दिया है।
”राजनीतिक दिवालियापन की शिकार है सपा”
राजकुमार गुप्ता ने जारी बयान में कहा कि पंकज चौधरी जैसे वरिष्ठ नेता पर निजी हमला करना समाजवादी पार्टी की हताशा और वैचारिक शून्यता को दर्शाता है। उन्होंने कहा, “लोकतंत्र में वैचारिक विरोध का स्वागत है, लेकिन व्यक्तिगत और अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किसी भी सभ्य समाज या राजनीतिक परंपरा में स्वीकार्य नहीं हो सकता।”
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
महानगर अध्यक्ष ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को घेरते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी ने संवाद और संयम की मर्यादा को पूरी तरह खो दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक रूप से बैकफुट पर पहुँच चुकी सपा अब अराजकता और व्यक्तिगत हमलों की राजनीति का सहारा ले रही है। गुप्ता ने कहा कि विरोध का स्तर इतना नीचे गिर जाना चिंताजनक है।
2027 में जनता देगी जवाब
आगामी विधानसभा चुनाव की ओर इशारा करते हुए राजकुमार गुप्ता ने चेतावनी दी कि उत्तर प्रदेश की जनता, विशेषकर युवा और महिला मतदाता, इस तरह की “दूषित मानसिकता” वाली राजनीति को कभी स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने दावा किया कि 2027 के चुनाव में प्रदेश की जनता समाजवादियों को उनके इस आचरण के लिए कड़ा सबक सिखाएगी।

