घर—घर जल और नल की सुविधा के साथ ही स्वास्थ्य का भी ध्यान रख रही मोदी सरकार: सांसद चाहर

Politics

आगरा। मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं गिनाते हुए विपक्ष पर हमलावर हुए भाजपा सांसद। कहा, घर—घर जल और नल की सुविधा के साथ ही स्वास्थ्य का भी ध्यान रख रही मोदी सरकार।

आगरा: केंद्र सरकार के 8 वर्ष पूरे होने पर पूरे देश भर में भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्षोल्लास है। भाजपा पदाधिकारी जगह-जगह प्रेस कॉन्फ्रेंस करके मोदी सरकार की 8 साल की जनकल्याणकारी योजनाएं गिना रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को फतेहपुर सीकरी लोकसभा के सांसद और भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने जयपुर हाउस स्थित भाजपा ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया।

राजकुमार चाहर का कहना है कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास की गति को और ज्यादा तेज किया है। घर-घर जल और नल की सुविधा की गई है। लोगों को अच्छा और सुलभ इलाज मिल सके, इस पर भी मोदी सरकार में विशेष ध्यान दिया है। इतना ही नहीं, बात जब राष्ट्रवाद की हो तो मोदी सरकार कभी पीछे नहीं हटी। अपने पड़ोसी दुश्मनों को भी मोदी सरकार में करारा जवाब उनकी भाषा में ही दिया है। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी हमला किया। कहा कि विपक्ष बौखला गया है।

इस दौरान जिला अध्यक्ष गिर्राज कुशवाहा, विधायक चौधरी बाबूलाल, विधायक छोटे लाल वर्मा के साथ अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।