लखीमपुर खीरी रेप और मर्डर कांड के सभी 6 आरोपी गिरफ्तार, लेकिन राजनीति शुरू

Regional

दरअसल, कल उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से एक दहलाने वाली घटना सामने आई है। गांव के बाहर पेड़ से 2 दलित बहनों की लटकती हुई लाश मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के सामने आते ही पुलिस भी एक्शन में आ गई। लखीमपुर पुलिस के अनुसार सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उधर मृतक लड़कियों की मां ने बड़ा आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा कि तीन आरोपियों ने लड़कियों को घर से निकाला। घसीटते हुए ले गए। लड़कियों से रेप किया। फिर मारकर पेड़ से लटका दिया। पुलिस ने इस मामले में रेप और मर्डर का केस दर्ज किया है। घटना निघासन थाना क्षेत्र के तमोलीन गांव की है। पुलिस ने इस मामले में सबसे पहले छोटू को हिरासत में लिया और फिर उसकी निशानदेही पर अन्य पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने मीडिया को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस कांड में छोटू पुत्र चेतराम गौतम को गिरफ्तार किया गया है। यह तमोली पुरबा का रहने वाला है। यह पीड़ित परिवार के पड़ोस में रहता था। उसके अलावा पांच अन्य लड़कों को गिरफ्तारी की गई है। यह लालपुर के रहने वाले हैं।

लखीमपुर एसपी संजीव सुमन ने बताया कि इस मामले में जुनैद पुत्र इजराइल, सुहैल पुत्र इस्लामुद्दीन, हफीजुल रहमान पुत्र अजीजुर रहमान, करीमुद्दीन पुत्र कलीमुद्दीन, आरिफ उर्फ छोटे पुत्र अहमद हुसैन को गिरफ्तार कर लिया गया है। तमोली पुरबा भी लालपुर गांव के तहत ही आता है। उन्होंने कहा कि तमोली पुरबा और लालपुर दोनों अगल-बगल में स्थित है।

एसपी ने घटना पर कार्रवाई का दिया पूरा विवरण

लखीमपुर एसपी संजीव सुमन ने घटना पर हुई कार्रवाई का पूरा विवरण दिया। उन्होंने कहा कि दो दलित लड़कियों के साथ रेप और मर्डर मामला सामने आते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। एसपी ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा है कि मामले में एक ज्ञात और तीन अज्ञात लोगों को नामजद किया गया था। पुलिस ने गंभीरता से घटना की जांच शुरू की। तीनों अज्ञात लोगों जुनैद, सुहैल और हाफिजुर रहमान और आरोपी छोटू, जो मृतका का पड़ोसी है, उसके परिचित हैं।

एसपी ने कहा कि छोटू ने ही इन तीनों का लड़कियों से परिचय करवाया था। कल तीनों लड़के गांव में आए थे। लड़कियों को साथ ले जाकर उनकी इच्छा के विरुद्ध जुनैद और सुहैल ने उनके साथ शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद लड़कियां शादी के लिए अड़ गईं। इस बात से नाराज होकर उन्होंने दोनों लड़कियों की हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने 2 और लड़कों को बुलाकर उनकी मदद से महिलाओं को पेड़ पर लटका दिया।

एसपी ने कहा कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है। संजीव सुमन ने कहा कि मामला महिलाओं के खिलाफ और समाज के एक कमजोर वर्ग के खिलाफ है। हमने तेज गति और संवेदनशीलता के साथ काम किया। आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 376 और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

हैरान करने वाला मां का बयान

उधर, मां का बयान हैरान करने वाला है। उन्होंने बताया कि दोनों बहनें 17 और 15 साल की थीं। बुधवार को दोपहर बाद की घटना के बारे में मां ने आंखों देखी बताई। उन्होंने कहा कि वे लोग घर के बाहर बैठे थे।

बेटियों को छोड़कर वह कुछ देर के लिए कपड़े डालने घर के अंदर गई थीं। उसी समय तीन युवक बाइक से पहुंचे। मृतक लड़कियों की मां ने कहा कि तीनों में से दो ने उनकी बेटियों को घसीटा। बाइक तक ले गए। लड़कियों को बैठाया और फरार हो गए।

लड़कियों की मां ने बताया कि तीनों लड़के रोज इस तरफ आते थे। आज जब आए तो बेटियां हमारे पास बैठी थीं। उन्होंने बताया कि जैसे ही मैं अंदर गई, तभी दो लड़के दरवाजे पर आ गए। एक ने पीली शर्ट और दूसरे ने सफेद शर्ट पहनी हुई थी। दोनों लड़के उनकी बेटियों को घसीटने लगे। नीली शर्ट पहने युवक ने गाड़ी स्टार्ट की और फिर तीनों लोग लड़कियों को लेकर फरार हो गए। महिला ने कहा कि बेटियों को बचाने के लिए मैं दौड़ी। नहीं बचा पाई। मेरे कपड़े भी फट गए।

विपक्षी दलों ने योगी सरकार को घेरा

इस मामले ने यूपी में एक बार फिर माहौल को गरमा दिया है। दलित नाबालिग लड़कियों की रेप और हत्या का मामला सामने आने के बाद योगी सरकार ने इस मामले में त्वरित एक्शन लेने का निर्देश दिया। विपक्षी दलों की ओर से योगी सरकार को घेरा जा रहा है।

-एजेंसी