अखिलेश यादव का मास्टरस्ट्रोक: यूपी में सपा सरकार बनने पर महिलाओं को देंगे सालाना 40 हजार रुपय, ‘नारी समृद्धि सम्मान योजना’ का किया एलान

Politics

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मिशन 2027 की तैयारियों के बीच आज महिलाओं के लिए एक बड़ी घोषणा की है। लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में आयोजित ‘महिला सम्मान समारोह’ के दौरान उन्होंने एलान किया कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर ‘नारी समृद्धि सम्मान योजना’ शुरू की जाएगी, जिसके तहत महिलाओं को सालाना 40,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

‘मूर्ति देवी-मालती देवी सम्मान’ से नवाजी गईं महिलाएं

​सपा मुख्यालय में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को ‘मूर्ति देवी-मालती देवी महिला सम्मान’ से सम्मानित किया गया। इस मौके पर सांसद डिंपल यादव भी मौजूद रहीं।

डिंपल यादव ने महिला सुरक्षा पर चिंता जताते हुए कहा, “जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं, तभी देश तरक्की करता है। लेकिन आज देश में महिलाओं के साथ हो रही घटनाओं को दबाया जा रहा है।” उन्होंने अंकिता भंडारी केस का उदाहरण देते हुए महिलाओं को अपने अधिकारों के लिए लड़ने का हौसला दिया।

​सत्ता परिवर्तन और ‘डायल 100’ का जिक्र

समारोह को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “किसी भी समाज की स्थिति देखनी हो तो वहां की महिलाओं की स्थिति देख लेनी चाहिए। आज देश में महिलाओं की हालत चिंताजनक है।” उन्होंने पुलिस सेवा में महिलाओं की भागीदारी का जिक्र करते हुए कहा कि डायल 100 (अब 112) में महिलाओं को इसलिए रखा गया था क्योंकि वे संवेदनशीलता से लोगों का दुख समझती हैं। उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में रानी लक्ष्मीबाई के नाम पर भी नई योजनाएं शुरू कर महिलाओं को सशक्त बनाया जाएगा।

कैबिनेट विस्तार और ग्रीन कॉरिडोर पर तंज

योगी सरकार के संभावित कैबिनेट विस्तार पर चुटकी लेते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “यह विस्तार केवल रूठे हुए लोगों को मनाने की कोशिश है। जब बजट ही खत्म हो गया है, तब मंत्री बनाकर क्या होगा? असली विस्तार तो 2027 में जनता करेगी।” लखनऊ के ग्रीन कॉरिडोर प्रोजेक्ट पर निशाना साधते हुए उन्होंने इसे ‘बर्बाद कॉरिडोर’ बताया और कहा कि इसकी डिजाइन मानकों के खिलाफ है, जिसमें पैदल चलने वालों के लिए जगह ही नहीं छोड़ी गई है।