आगरा आये अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर साधा निशाना, कहा- ‘ये सरकार अवैध बनी है, इस पर बुलडोजर कब चलेगा?’

Politics

आगरा। बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा प्रमुख अखिलेश यादव एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए आगरा पहुँचे थे। आगरा आगमन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव का एक्सप्रेसवे पर जोरदार स्वागत किया। आगरा आगमन के दौरान अखिलेश सबसे पहले भीमनगरी हादसे के पीड़ितों से मुलाकात करने के लिए सेवला स्थित नगला पदमा पहुँचे। यहाँ उन्होंने पूर्व मंत्री अजय शील गौतम से मुलाकात की, साथ ही इस हादसे में जान गवाने वाले मृतक राजू प्रधान के परिजनों से मुलाकात की और अपनी संवेदना व्यक्त की। भीम नदी हादसे के पीड़ितों से मुलाकात करने के बाद सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पत्रकारों से भी रूबरू हुए। पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर भाजपा पर जमकर हमला बोला।

समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नेता विपक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को आगरा में योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार खुद अवैध बनी है। जो जन समर्थन मिलना चाहिए था वो वोट में दिखाई नहीं देता। यह सरकार दूसरों की संपत्तियों पर बुलडोजर चलवा रही है लेकिन अवैध रूप से बनी इस सरकार पर कब चलेगा बुलडोजर। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि महंगाई, बेरोजगारी जैसे बुनियादी मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए बुलडोजर का सहारा लिया जा रहा है।

अखिलेश यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मुझे समारोह में आना था, लेकिन मैं नहीं आ सका। घायलों के प्रति संवेदना व्यक्त करने आया हूं। विधानसभा चुनाव में अपेक्षित सीट नहीं मिलने के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि सरकार अवैध बनी है। बिना वैध-अवैध का फैसला हुए घरों पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं। क्योंकि ये संविधान को नहीं मानते। महंगाई, बेरोजगारी के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ये सब हो रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि अवैध बनी सरकार पर बुलडोजर कब चलेगा?

अखिलेश यादव ने कहा कि हमारे देश की पहचान वसुधैव कुटुम्बकम है। क्या भारतीय जनता पार्टी और सरकार इस पहचान को नहीं मिटा रही। जो परिवार मिल कर रहे हैं, उनके घर तोड़े जा रहे हैं। बिल्डिंग तोड़ी जा रही हैं। कौन देखेगा इसे। क्या लोगों को न्याय मिलेगा या नहीं मिलेगा।