अखिलेश यादव ने कहा, 2024 के लिए जारी है एक विकल्प तैयार करने की कवायद

Politics

यादव ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए दावा किया कि यह समय की मांग है क्योंकि महंगाई अपने चरम पर है, बेरोजगारी बढ़ रही है और बाबा साहेब आंबेडकर द्वारा सभी भारतीयों को दिए गए अधिकारों का हनन हो रहा है।

सपा के अध्यक्ष ने कहा, ‘‘2024 के वास्ते एक विकल्प तैयार करने की कवायद जारी है। (बिहार के मुख्यमंत्री) नीतीश जी, (पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री) ममता जी, (तेलंगाना के मुख्यमंत्री) केसीआर जी इसके लिए काम कर रहे हैं। एक विकल्प की जरूरत है क्योंकि महंगाई चरम पर है।’’

वर्ष 2024 में देश में आम चुनाव होने हैं।

अखिलेश यादव ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के लोगों को धोखा दिया गया है। उत्तर प्रदेश को समृद्धि व विकास के रास्ते पर होना चाहिए था। पर अब वह कहां है?’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘पांच साल बाद आपको निवेशकों को बुलाना याद आया है? पिछले पांच साल से आप क्या कर रहे थे? ’’
केंद्र और उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता में है।

अखिलेश यादव की पत्नी एवं समाजवादी पार्टी (सपा) की नेता डिंपल यादव ने सोमवार को लोकसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। अखिलेश यादव इस दौरान अतिथि दीर्घा में बैठे हुए थे। डिंपल उत्तर प्रदेश के मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुई हैं।

Compiled: up18 News