आगरा: ताजनगरी के कमला नगर थाना क्षेत्र स्थित बल्केश्वर इलाके में हुए मानसी दहेज हत्या प्रकरण ने अब एक नया और रूह कंपा देने वाला मोड़ ले लिया है। घटना की रात यानी 31 मार्च 2026 का एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो मृतका मानसी के आखिरी पलों की भयावहता को बयां कर रहा है।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि मानसी अपनी जान बचाने के लिए आधी रात को सड़क पर भाग रही थी, लेकिन दरिंदे पति ने उसे पकड़ लिया और जबरन घर के अंदर खींच ले गया। अगले ही दिन मानसी की लाश मिली।
50 सेकंड का वीडियो… और फिर मौत का सन्नाटा
वायरल वीडियो 31 मार्च की रात करीब 11:15 बजे का बताया जा रहा है। फुटेज में नवविवाहिता मानसी बेहद डरी-सहमी हालत में घर से बाहर निकलकर सड़क पर दौड़ती नजर आ रही है। उसके ठीक पीछे उसका पति उसका पीछा कर रहा है। लगभग 50 सेकंड तक चले इस ‘मौत के पीछा’ के बाद पति मानसी को दबोच लेता है और उसे जबरन घसीटते हुए वापस घर के अंदर ले जाता है। परिजनों का आरोप है कि घर के अंदर ले जाकर ही उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।
अस्पताल में मिली लाश, ससुराल पक्ष फरार
1 अप्रैल की सुबह जब पड़ोसियों ने परिजनों को मानसी की मौत की सूचना दी, तो कोहराम मच गया। परिजन जब तक अस्पताल पहुँचे, मानसी दम तोड़ चुकी थी और उसका पति व ससुराल के अन्य सदस्य मौके से फरार हो चुके थे। इस घटना के बाद किन्नर समाज भी परिजनों के समर्थन में उतर आया और सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। भारी हंगामे और आक्रोश के बीच पुलिस ने सक्रियता दिखाई।
मुख्य आरोपी पति गिरफ्तार, वीडियो बना ‘अहम सुबूत’
परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह वायरल वीडियो केस में सबसे बड़ा और निर्णायक सुबूत (Evidence) साबित होगा, क्योंकि यह हत्या से ठीक पहले की परिस्थितियों और मृतका के मन में व्याप्त डर को प्रत्यक्ष रूप से प्रमाणित करता है।
दहेज की बलि वेदी पर एक और बेटी
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही मानसी को अतिरिक्त दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। इस घटना ने एक बार फिर समाज को झकझोर कर रख दिया है कि आखिर कब तक बेटियां दहेज के लालचियों की भेंट चढ़ती रहेंगी।

